Oats Cheela Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा हो जो स्वादिष्ट भी हो, पेट भरे और बनाने में ज्यादा समय भी न लगे, तो ओट्स चीला एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. अक्सर ओट्स का नाम सुनते ही लोगों को फीका या बोरिंग खाना याद आता है, लेकिन इसका चीला स्वाद में इतना लाजवाब हो सकता है कि बच्चे से लेकर बड़े तक इसे पसंद कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और किचन में मौजूद चीजों से ही करीब 20 मिनट में गर्मागर्म ओट्स चीला तैयार किया जा सकता है. अगर आपने अब तक इस ब्रेकफास्ट को ट्राई नहीं किया है, तो हमारी बताई आसान रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. सीखें ओट्स रेसिपी बनाने का आसान तरीका-
ओट्स चीला के लिए जरूरी सामग्री
- 2 चम्मच बेसन
- 2 कप ओट्स
- 2 चम्मच तेल
- 2 कटी हुई हरी मिर्च
- 2 कटी हुई प्याज
- 2 शिमला मिर्च
- 1 गाजर
- 2 टमाटर
- 1 चम्मच जीरा
- थोड़ा अदरक
- 1/2 चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच मिर्च
- हरा धनिया कटा हुआ
- नमक (स्वादानुसार)
- हरी चटनी या रेड सॉस
ओट्स चीला बनाने का आसान तरीका
स्टेप 1- ओट्स चीला बनाने के लिए सबसे पहले आपको ओट्स को पीसना होगा. यह काम आप मिक्सी से कर सकते हैं. ओट्स पीसकर आप एक बर्तन में रख लें. इसके बाद आप पिसे हुए ओट्स में बेसन, हल्दी, जीरा मिर्च और अन्य मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें.
स्टेप 2- अब आपको बारीक कटी हुई प्याज, गाजर, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया मिलाकर चीला के लिए पेस्ट बनाना होगा. इसमें आप अपनी जरूरत के हिसाब से पानी मिला सकते हैं.
स्टेप 3- अब आपको फ्राई पैन को गर्म करना होगा और उसमें आधा चम्मच तेल डालनी होंगी. पैन गर्म होने पर आप चमचे की मदद से थोड़ा पेस्ट डालें और उसे गोल आकार में बना लें. आप इसके लिए कटोरी का सहारा भी ले सकते हैं.
स्टेप 4- जब ओट्स चीला एक तरफ से अच्छी तरह से पक जाए, तो आपको उसे पलटकर दूसरी तरफ पकाना होगा. ध्यान रखिए कि इससे करारा होने तक सेकें.
स्टेप 5- इस तरह करीब 20 मिनट में आपका ओट्स चीला तैयार हो जाएगा. आप इसे हरी चटनी और रेड सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं. कुछ लोग चाय के साथ भी इसे खाना पसंद करते हैं.