Home > लाइफस्टाइल > Mushroom Soup: सुबह-सुबह पी लिया ये गरमागरम सूप तो दिनभर रहेंगे एक्टिव! स्वाद के साथ सेहत का भी डबल फायदा

Mushroom Soup: सुबह-सुबह पी लिया ये गरमागरम सूप तो दिनभर रहेंगे एक्टिव! स्वाद के साथ सेहत का भी डबल फायदा

Mushroom Soup Recipe: सुबह का नाश्ता अगर स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी हो, तो दिन की शुरुआत ही शानदार हो जाती है. ऐसे में एक कटोरी गरमागरम मशरूम सूप आपकी मॉर्निंग डाइट में बेहतरीन विकल्प बन सकता है. सीखें बनाने का आसान तरीका-

By: Lalit Kumar | Published: August 29, 2026 6:38:26 PM IST



Mushroom Soup Recipe: सुबह का नाश्ता अगर स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी हो, तो दिन की शुरुआत ही शानदार हो जाती है. ऐसे में एक कटोरी गरमागरम मशरूम सूप आपकी मॉर्निंग डाइट में बेहतरीन विकल्प बन सकता है. हल्का, स्वाद से भरपूर और आसानी से तैयार होने वाला यह सूप उन लोगों को भी पसंद आ सकता है, जो रोजाना के नाश्ते में कुछ हेल्दी और अलग ट्राई करना चाहते हैं. मशरूम को आमतौर पर सब्जी या स्नैक्स के तौर पर खाया जाता है, लेकिन इसका सूप भी स्वाद और पोषण का अच्छा कॉम्बिनेशन है.

मशरूम में कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं और इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकते हैं. अगर आप अपने डाइट रूटीन में मशरूम को शामिल करना चाहते हैं, तो सूप एक आसान और स्वादिष्ट तरीका हो सकता है. खास बात यह है कि इसे बच्चों से लेकर बड़ों तक, अपनी पसंद के अनुसार हल्का या मसालेदार बनाया जा सकता है.

मशरूम सूप बनाने के लिए सामग्री

  • मशरूम – 200 ग्राम
  • मक्खन – 2 टेबलस्पून
  • ताजी क्रीम – 1 टेबलस्पून
  • प्याज बारीक कटा – 1
  • लहसुन कली – 3-4
  • काली मिर्च कुटी – 1/4 टी स्पून
  • कॉर्न फ्लोर – 1 टेबलस्पून
  • नींबू – 1
  • हरा धनिया कटा – 2 टेबलस्पून
  • नमक – स्वादानुसार

ऐसे बनाएं गरमागरम मशरूम सूप

मशरूम सूप बनाने के लिए सबसे पहले मशरूम को लेकर धो लें और पोछकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लें. इसके बाद प्याज, लहसुन के बारीक-बारीक टुकड़े कर लें. अब एक कड़ाही में मक्खन डालकर उसे गर्म करने के लिए रख दें. जब मक्खन पिघल जाए तो उसमें बारीक कटे प्याज और लहसुन डालकर भूनें. इन्हें तब तक भूनें जब तक कि प्याज का रंग गुलाबी ना हो जाए. इसके बाद मिश्रण में कटा हुआ मशरूम डालकर मिलाएं. अब इसमें काली मिर्च और स्वादानुसार नमक डालकर करछी से सभी को मिक्स कर दें.

अब मशरूम को 2-3 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में करछी से मशरूम को चलाते रहें. मशरूम को तब तक पकाना है जब तक की नरम ना हो जाए. आप चाहें तो कड़ाही को ढककर भी मशरूम पका सकते हैं. मशरूम तब तक पकाना है जब तक कि उसमें से निकला पानी पूरी तरह से सूख ना जाए. मशरूम पक जाने पर उसका एक चौथाई भाग कड़ाही में ही छोड़ दें और बाकी भाग को मिक्सी की मदद से पीस लें. पीसने के दौरान थोड़े पानी का भी इस्तेमाल करें.

अब पिसे हुए मशरूम को वापस कड़ाही में डाल दें और इस मिश्रण में 2 कप पानी मिलाएं. अब मशरूम सूप को उबलने दें. इस बीच कॉर्न फ्लोर का घोल तैयार करें और सूप में डाल दें. इसके बाद सूप को 3-4 मिनट तक और उबलने दें. फिर सूप में क्रीम डालकर गैस बंद कर दें. अब सूप में नींबू का रस और बारीक कटी हरी धनिया पत्ती डालकर गार्निश कर दें. आपका स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर मशरूम सूप बनकर तैयार हो गया है.

Advertisement