Home > लाइफस्टाइल > नाश्ते में चटपटा और हेल्दी खाने का है मन? झटपट बनाकर खाएं महाराष्ट्रीयन थालीपीठ, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाएंगे

नाश्ते में चटपटा और हेल्दी खाने का है मन? झटपट बनाकर खाएं महाराष्ट्रीयन थालीपीठ, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाएंगे

Thalipeeth Recipe: रोज-रोज पोहा, उपमा और पराठे खाकर अगर आपका भी मन कुछ नया और स्वादिष्ट खाने का कर रहा है, तो इस बार नाश्ते में ट्राई करें महाराष्ट्र की मशहूर थालीपीठ. बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम यह डिश स्वाद के साथ पोषण का भी शानदार कॉम्बिनेशन है. सीखिए बनाने का आसान तरीका-

By: Lalit Kumar | Published: August 1, 2026 5:18:27 PM IST



Thalipeeth Recipe: रोज-रोज पोहा, उपमा और पराठे खाकर अगर आपका भी मन कुछ नया और स्वादिष्ट खाने का कर रहा है, तो इस बार नाश्ते में ट्राई करें महाराष्ट्र की मशहूर थालीपीठ. बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम यह डिश स्वाद के साथ पोषण का भी शानदार कॉम्बिनेशन है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी एक अनाज पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होती. अलग-अलग तरह के अनाज और दालों के आटे को मिलाकर तैयार किया जाने वाला थालीपीठ एक बेहतरीन मल्टीग्रेन ब्रेकफास्ट बन सकता है.

थालीपीठ में प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और अपनी पसंद की सब्जियां मिलाकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है. इसे दही, हरी चटनी या अचार के साथ परोसें और आपका नाश्ता हो जाएगा एकदम लाजवाब. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा समय और मेहनत भी नहीं लगती. अगर आप भी सुबह के नाश्ते में कुछ हेल्दी, स्वादिष्ट और पेट भरने वाला बनाना चाहते हैं, तो महाराष्ट्रीयन स्टाइल थालीपीठ की यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें.

थालीपीठ बनाने के लिए सामग्री

  • गेहूं आटा
  • चावल आटा
  • ज्वार आटा
  • बाजरा आटा
  • बेसन
  • अदरक-लहसुन पेस्ट
  • प्याज बारीक कटा
  • हरी मिर्च कटी
  • हरी धनिया पत्ती
  • हल्दी
  • धनिया पाउडर
  • जीरा पाउडर
  • अजवाइन
  • तिल
  • हींग
  • तेल
  • नमक

थालीपीठ बनाने की विधि

स्टेप 1- थालीपीठ बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़ी मिक्सिंग बाउल में ज्वार का आटा, गेहूं का आटा, बाजरा आटा, चावल का आटा और बेसन डालकर सभी को अच्छी तरह से मिक्स कर दें. अब आटे में अदरक-लहसुन का पेस्ट, जीरा पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, अजवाइन डालकर मिलाएं. इसके बाद बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर आटे में अच्छी तरह मिक्स कर लें. अब थोड़ा-थोड़ा कर पानी आटे में डालें और नरम आटा गूंथ लें.

स्टेप 2- अब एक बटर पेपर लेकर तेल से चिकना कर लें. इसके बाद आटे की एक लोई लें और उसे बटर पेपर में रखकर हाथ से दबाते हुए बड़ा करना शुरू करें. आप चाहें तो इसके लिए पारंपरिक तरीके से गीले कपड़े का प्रयोग भी कर सकते हैं. हाथ से दबाते हुए जितना ज्यादा पतला हो सके उतना पतला थालीपीठ तैयार कर लें. थालीपीठ को हाथ से बड़ा करने के बाद उसमें कुछ छेद कर दें.

स्टेप 3- अब एक नॉनस्टिक पैन को मीडियम आंच पर गर्म करें. तवा गर्म होने पर थोड़ा सा तेल डालकर उसके चारों ओर फैलाएं. इसके बाद बटर पेपर में लगा थालीपीठ धीरे से तवे पर फैला दें. थोड़ी देर सेकने के बाद थालीपीठ को पलट दें और दूसरी तरफ तेल लगाएं. थालीपीठ को दोनों तरह से सुनहरा और क्रस्पी होने तक धीरे-धीरे दबाते हुए सेक लें. फिर प्लेट में उतार लें. इसी तरह सारे आटे से थालीपीठ तैयार कर लें. अब ब्रेकफास्ट में थालीपीठ हदी या चटनी के साथ सर्व करें.

Advertisement