Dal Pakwan Recipe: अगर सुबह के नाश्ते में पोहा, उपमा, पराठा या सैंडविच खाकर बोरियत महसूस होने लगी है, तो अब वक्त है कुछ नया और स्वाद से भरपूर ट्राई करने का. सिंधी व्यंजनों की शान मानी जाने वाली दाल पकवान ऐसी डिश है, जिसका नाम सुनते ही खाने के शौकीनों के मुंह में पानी आ जाता है. कुरकुरे, खस्ता पकवान के साथ मसालेदार चना दाल का लाजवाब कॉम्बिनेशन इस डिश को बेहद खास बना देता है. दाल पकवान सिर्फ सिंधी समुदाय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आज यह देश के कई शहरों में लोकप्रिय स्ट्रीट फूड और फेवरेट ब्रेकफास्ट ऑप्शन बन चुका है. स्वाद के साथ-साथ यह पेट भरने वाला नाश्ता भी है, जिसे मेहमानों के सामने भी बेझिझक परोसा जा सकता है.
सबसे अच्छी बात यह है कि इस स्वादिष्ट डिश को घर पर बनाना बिल्कुल भी मुश्किल नहीं है. कुछ आसान सामग्री और सही विधि की मदद से आप कम समय में बाजार जैसा कुरकुरा पकवान और चटपटी दाल तैयार कर सकते हैं. इसको खाने के बाद स्वाद भूल पाना मुश्किल हो जाएगा. आइए जानते हैं सिंधी स्टाइल दाल पकवान बनाने की आसान रेसिपी-
दाल पकवान बनाने के लिए सामग्री
दाल पकवान बनाने के लिए कुछ सामग्री की जरूरत होती है. इसमें सबसे पहले दाल के लिए- चना दाल, प्याज कटा, टमाटर कटा, राई, जीरा, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, नींबू रस, इमली का पानी, तेल और नमक की जरूरत होगी.
वहीं, पकवान बनाने के लिए- मैदा, अजवाइन, तेल, गुनगुना पानी और नमक की जरूरत होगी.
दाल पकवान बनाने की विधि
स्टेप 1: घर पर सिंधी स्वाद से भरपूर दाल पकवान बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को साफ करें. इसके बाद दाल को एक-दो बार पानी से धोकर प्रेशर कुकर में डाल दें. इसमें जरूरत के मुताबिक पानी, हल्दी और चुटकीभर नमक डालकर ढक्कन लगाएं और पकने दें.
स्टेप 2: जब कुकर में 5-6 सीटियां आ जाएं तो गैस बंद करें और प्रेशर को अपने आप रिलीज होने दें. इसके बाद एककड़ाही में तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद उसमें राई डालकर चटकाएं.
स्टेप 3: कुछ सेकंड बाद कटे टमटार डालकर उन्हें सॉफ्ट होने तक भूनें. अब धनिया पाउडर और गरम मसाला डालकर टमाटर को एक मिनट तक और पकाएं. इस बीच कुकर का ढक्कन खोलकर चना दाल निकालें और कड़ाही में डालकर चम्मच से मिक्स करें.
स्टेप 4: दाल को 2-3 मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें और बड़े चम्मच के पिछले हिस्से से हल्का सा मसल दें. चना दाल तैयार हो गई है.
स्टेप 5: अब पकवान बनाने के लिए एक बर्तन में मैदा डालें. इसमें अजवाइन और स्वादानुसार नमक डालकर मिक्स करें. फिर एक चम्मच तेल मिलाएं. अब थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को आधा घंटे के लिए कपड़े से ढांककर अलग रख दें.
स्टेप 6: तय समय के बाद आटे को एक बार और गूंथे और उसकी लोइया बना लें. अब आटे से मोटी रोटी बेल लें और कांटे की चम्मच की सहायता से पूरी रोटी में छेद बना दें.
स्टेप 7: इस बीच एक कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें तैयार रोटी को डालकर डीप फ्राई करें. रोटी में छेद होने से तलते वक्त नहीं फूलेंगी. इसी तरह सारी लोइयों को तोड़कर रोटी का आकार देते हुए डीप फ्राई कर पकवान तैयार कर लें. इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक सेकना हैं.
स्टेप 8: स्वाद से भरपूर दाल पकवान बनकर तैयार हैं. दाला में नींबू रस, इमली पानी डालें और पकवान पर बारीक प्याज के टुकड़े और चाट मसाला छिड़ककर सर्व करें.