Dahi Ke Kabab Recipe: दही के कबाब एक बेहद स्वादिष्ट और लोकप्रिय स्नैक हैं, जिन्हें आप दिन के किसी भी समय बनाकर सर्व कर सकते हैं. अगर घर पर मेहमान आने वाले हैं और आप उनके लिए कुछ अलग और लाजवाब बनाना चाहते हैं, तो दही के कबाब बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं. इन्हें शाम की चाय के साथ स्नैक के रूप में या फिर लंच और डिनर से पहले स्टार्टर के तौर पर परोसा जा सकता है. बाहर से सुनहरे और कुरकुरे, जबकि अंदर से मुलायम और क्रीमी ये कबाब बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आते हैं. यदि आप घर पर छोटी-मोटी पार्टी या गेट-टुगेदर आयोजित कर रहे हैं, तो यह डिश मेन्यू की शान बढ़ा सकती है.
दही के कबाब बनाने के लिए मुख्य रूप से गाढ़ा दही (हंग कर्ड), पनीर, ब्रेड क्रम्ब्स और कुछ सुगंधित मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. इसकी रेसिपी जितनी स्वादिष्ट है, उतनी ही आसान भी है. अगर आपने अब तक घर पर दही के कबाब नहीं बनाए हैं, तो हमारी बताई आसान विधि की मदद से आप इन्हें कम समय में तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं क्रिस्पी और स्वाद से भरपूर दही के कबाब बनाने की आसान रेसिपी.
दही के कबाब बनाने की सामग्री
दही के कबाब बनाने के लिए आपके पास कुछ सामग्री होना चाहिए. इसके लिए- कसा हुआ पनीर, हंग कर्ड, काजू कटे, ब्रेड का चूरा, हरी मिर्च कटी, तला प्याज, हरा धनिया कटा, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, कॉर्न फ्लोर, तेल और स्वादानुसार नमक होना चाहि.
दही के कबाब बनाने की विधि
स्टेप 1- दही के कबाब बनाने के लिए सबसे पहले पनीर को कस लें और एक बाउल में रख दें. इसके बाद एक बड़ी मिक्सिंग बाउल में हंग कर्ड डालकर उसमें कसा हुआ पनीर डाल दें. इसके बाद तला हुआ प्याज, लाल मिर्च पाउडर, बारीक कटा काजू, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर दें. इसके बाद मिश्रण में स्वादानुसार नमक और काली मिर्च मिला दें. अतिरिक्त नमी को हटाने के लिए ब्रेड का चूरा भी डालकर मिक्स करें.
स्टेप 2- सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से मिलाएं और इसे ज्यादा न गूंथें नहीं तो दही नमी को छोड़ना शुरू कर सकता है. अगर आटा ज्यादा चिपचिपा लगे तो उसमें ब्रेड के चूरे की मात्रा और बढ़ा सकते हैं. इसके बाद दोनों हाथों में तेल लगाएं और थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लेकर पहले गोल बॉल बनाएं और फिर उसे दबाकर कबाब का आकार दें. इसके बाद दही कबाब को कॉर्न फ्लोर के साथ कोट करें, इससे कबाब की अतिरिक्त नमी हट जाएगी.
स्टेप 3- इसी तरह एक-एक कर सारे दही कबाब को तैयार कर लें. अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो कड़ाही की क्षमता के मुताबिक दही कबाब को डालकर डीप फ्राई करें. आप चाहें तो कबाब को शैलो फ्राई भी कर सकते हैं. दही कबाब को पलट पलटकर तब तक लें जब तक कि वे सुनहरे होकर क्रिस्पी न हो जाएं. इसके बाद तले दही कबाब प्लेट में निकाल लें. इसी तरह सारे दही के कबाब तल लें. टेस्टी दही कबाब को हरी चटनी या सॉस के साथ सर्व करें.