Rava Dosa Recipe: अगर सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा मिल जाए जो स्वादिष्ट भी हो, जल्दी बन जाए और पूरे परिवार को पसंद भी आए, तो दिन की शुरुआत और भी खास हो जाती है. ऐसे में रवा डोसा एक बेहतरीन विकल्प है. इसकी खासियत है कि इसे बनाने के लिए लंबे समय तक बैटर को फर्मेंट करने की जरूरत नहीं पड़ती. कुछ ही मिनटों में तैयार होने वाला यह क्रिस्पी और हल्का डोसा बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम होता है. नारियल की चटनी और सांभर के साथ इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. यही वजह है कि यह साउथ इंडियन डिश अब सिर्फ दक्षिण भारत ही नहीं, बल्कि पूरे देश के घरों और रेस्टोरेंट्स में भी बेहद लोकप्रिय हो चुकी है.
अगर आप भी बच्चों और बड़ों के लिए स्वाद और सेहत से भरपूर झटपट बनने वाला नाश्ता ढूंढ रहे हैं, तो रवा डोसा की यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें. आप अगर ब्रेकफास्ट में रवा डोसा बनाना चाहते हैं तो हमारी बताई रेसिपी की मदद से आप कम वक्त में ही इसे तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं रवा डोसा बनाने की विधि.
रवा डोसा बनाने के लिए सामग्री
- सूजी(रवा) – 1 कप
- चावल आटा – 1 कप
- अदरक कटा – 1/2 इंच
- हरी मिर्च कटी – 3
- जीरा – 1/2 टी स्पून
- काली मिर्च पाउडर – 1/2 टी स्पून
- हींग – 1 चुटकी
- रोस्टेड काजू – 3 टी स्पून
- तेल -ज़रूरत के मुताबिक
- नमक – स्वादानुसार
रवा डोसा बनाने की विधि
स्टेप 1- रवा डोसा बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में रवा डालें और उसमें चावल का आटा मिलाएं. दोनों को अच्छी तरह से मिक्स करने के बाद उसमें जीरा, हींग और स्वादानुसार नमक डालकर मिक्स करें. अब मिश्रण में थोड़ा सा पानी डालकर स्मूद डो तैयार कर लें. इसके बाद डो को ढककर कुछ घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें. इस बीच एक बाउल में रोस्टेड काजू, हरी मिर्च, काली मिर्च और अदरक को एक बाउल में अलग रख दें.
स्टेप 2- अब एक नॉनस्टिक पैन/ तवा लें और उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. जब तवा गर्म हो जाए तो उस पर थोड़ा सा तेल डालकर उसे चारों ओर फैलाकर सहत को चिकनी कर दें. अब डो को एक बार अच्छे से फेंटे और फिर एक कटोरी में घोल लेकर उसे तवे पर बीच में डाल दें.
स्टेप 3- इसके बाद उसे ज्यादा से ज्यादा पतला करते हुए फैलाएं. कुछ देर तक डोसा सेकने के बाद उसके ऊपर काजू, हरी मिर्च का मिश्रण डालकर फैलाएं.
स्टेप 4- अब डोसे के किनारों पर तेल लगाएं और उसे गोल्डन ब्राउन होने तक सेकें. उसके बाद डोसे को फोल्ट करने के बाद तवे से उतारकर एक प्लेट में रखें. इसी तरह एक-एक कर सारे रवा डोसा तैयार कर लें. इन्हें नारियल चटनी, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं.