Bhindi Popcorn Recipe: अगर हर शाम चाय के साथ समोसे, चिप्स या पकौड़े खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब वक्त है कुछ नया और हेल्दी ट्राई करने का. अगर आप ऐसा ही कुछ खोज रहे हैं तो भिंडी पॉपकॉर्न एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. जी हां, भिंडी पॉपकॉर्न एक ऐसा स्नैक है, जो बाहर से बेहद क्रिस्पी, अंदर से नरम और स्वाद में इतना लाजवाब होता है. स्वाद ऐसा होगा कि, बच्चे भी बिना नखरे के भिंडी खाना पसंद करने लगेंगे. खास बात यह है कि इसे बनाने में सिर्फ 15 मिनट लगते हैं और कम तेल में भी इसे तैयार किया जा सकता है. यह सेहत के लिए भी फायदेमंद है.
दरअसल, भिंडी में मौजूद फाइबर, विटामिन C, विटामिन K और एंटीऑक्सीडेंट्स पाचन को बेहतर बनाने, इम्यूनिटी बढ़ाने और शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करते हैं. अगर आप रोजमर्रा के अनहेल्दी स्नैक्स की जगह कोई स्वादिष्ट और पौष्टिक विकल्प तलाश रहे हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है. आइए जानते हैं, घर पर मिनटों में बनने वाले इस क्रिस्पी भिंडी पॉपकॉर्न की आसान रेसिपी-
क्रिस्पी भिंडी पॉपकॉर्न बनाने के लिए सामग्री
- 250 ग्राम ताजी भिंडी
- 3-4 बड़े चम्मच बेसन
- 2 बड़े चम्मच कॉर्न फ्लोर
- 1 छोटा चम्मच चावल का आटा
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- ½ छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
- चुटकीभर अजवाइन
- स्वादानुसार नमक
- 1-2 बड़े चम्मच तेल
- तलने या एयर फ्राई करने के लिए थोड़ा-सा तेल
क्रिस्पी भिंडी पॉपकॉर्न बनाने की विधि
स्टेप 1- सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सूखा लें, ताकि उसमें नमी न रहे. अब भिंडी के छोटे-छोटे गोल टुकड़े काट लें. एक बड़े बाउल में बेसन, कॉर्न फ्लोर, चावल का आटा और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें.
स्टेप 2- अब इसमें भिंडी डालें और हल्का-सा तेल डालकर सभी टुकड़ों पर मसाले की कोटिंग कर दें. जरूरत हो तो एक-दो चम्मच पानी छिड़क सकते हैं, लेकिन घोल न बनाएं.
स्टेप 3- अब कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें और भिंडी को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. अगर हेल्दी विकल्प चाहते हैं, तो इसे एयर फ्रायर में 180°C पर 12-15 मिनट तक पकाएं और बीच में एक बार हिलाएं.
स्टेप 4- अब तैयार क्रिस्पी भिंडी पॉपकॉर्न को हरी चटनी, टोमैटो सॉस या दही-पुदीना डिप के साथ गर्मागर्म परोसें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और नींबू का रस छिड़ककर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं.