Fridge Smell Removal Tips: गर्मियों का मौसम आते ही खाने-पीने की चीजों को ताजा रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है. तेज गर्मी की वजह से दूध, फल, सब्जियां और बचा हुआ खाना जल्दी खराब होने लगता है. ऐसे में फ्रिज का इस्तेमाल बढ़ जाता है, लेकिन कई बार फ्रिज ही परेशानियों की वजह बन जाता है. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि फ्रिज का दरवाजा खोलते ही तेज और अजीब सी बदबू आने लगती है, जिससे न सिर्फ फ्रिज बल्कि पूरी रसोई का माहौल खराब हो जाता है.
दरअसल, लंबे समय तक रखे खाद्य पदार्थ, फैल चुके तरल पदार्थ, अतिरिक्त नमी और साफ-सफाई की कमी के कारण फ्रिज के अंदर दुर्गंध पैदा होने लगती है. अगर समय रहते इस समस्या पर ध्यान न दिया जाए तो बदबू और भी ज्यादा बढ़ सकती है. अच्छी बात ये है कि कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से फ्रिज को फिर से ताजा और खुशबूदार बनाया जा सकता है.
गर्मियों में फ्रिज से बदबू आने की वजह क्या है?
गर्मी के मौसम में तापमान बढ़ने से खाद्य पदार्थ जल्दी खराब होने लगते हैं. यदि कटे हुए फल, खुला खाना या बची हुई सब्जियां बिना ढके फ्रिज में रखी जाएं तो उनकी गंध पूरे फ्रिज में फैल सकती है. इसके अलावा अंदर जमा नमी बैक्टीरिया और फंगस को बढ़ावा देती है, जो दुर्गंध का मुख्य कारण बनती है. नियमित सफाई न होने पर ये समस्या और गंभीर हो सकती है.
बेकिंग सोडा करेगा फ्रिज की दुर्गंध को जड़ से खत्म
फ्रिज की बदबू दूर करने के लिए बेकिंग सोडा सबसे आसान और प्रभावी उपाय माना जाता है. एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा भरकर फ्रिज के किसी कोने में रख दें. ये आसपास की खराब गंध को सोखने का काम करता है. वहीं, फ्रिज की ट्रे और शेल्फ साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट बनाकर इस्तेमाल किया जा सकता है.
नींबू की मदद से फ्रिज में बनी रहेगी ताजगी
नींबू प्राकृतिक रूप से दुर्गंध को कम करने में मदद करता है. फ्रिज में नींबू के टुकड़े, छिलके या नींबू के रस वाली छोटी कटोरी रखने से अंदर की बदबू धीरे-धीरे कम होने लगती है. साथ ही फ्रिज में हल्की और ताजगी भरी खुशबू बनी रहती है.
कॉफी पाउडर भी है शानदार तरीका
अगर फ्रिज से तेज और पुरानी गंध आ रही है तो कॉफी पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है. एक कटोरी में सूखा कॉफी पाउडर भरकर फ्रिज में रख दें. ये दुर्गंध को अवशोषित करने के साथ-साथ फ्रिज में हल्की सुगंध बनाए रखने में मदद करता है. खासकर लंबे समय से जमा खाने की गंध को कम करने में ये तरीका काफी कारगर माना जाता है.