Best Colors for Summer Clothes: इन दिनों पूरे उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. ऐसे में हर कोई एसी या ठंडे माहौल में रहने की कोशिश कर रहा है. हालांकि अक्सर लोग फैशन के कारण कपड़ों के रंगों का चुनाव नहीं कर पाते हैं. आपके कपड़ों का रंग भी शरीर के तापमान पर बड़ा असर डालता है. बहुत से लोग फैशन के चक्कर में गहरे रंग के कपड़े पहन लेते हैं. ये शरीर को और भी ज्यादा गर्म कर देता है. गहरे रंग के कपड़े तेज धूप और गर्मी को तेजी से सोखकर शरीर को और ज्यादा गर्म कर देते हैं.
गर्मी और लू के दौरान गलत रंग के कपड़े पहनने से बेचैनी, घुटन, परेशानी, थकान और ज्यादा पसीना महसूस हो सकता है. ऐसे में एक्सपर्ट्स हल्के और सॉफ्ट रंग के कपड़े पहनने की सलाह देते हैं. ये रंग आंखों को सुकून देने के साथ ही शरीर को भी ठंडा रखने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि गर्मियों के मौसम में कौन से रंग पहनने चाहिए और कौन से रंग पहनने से हीटवेव में आपको नुकसान हो सकता है.
इन रंगों से बचें
गर्मी के मौसम में डार्क रंग के कपड़े पहनने से बचना चाहिए. ये रंग सूर्य की गर्मी को एब्जॉर्ब करता है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि गर्मियों के मौसम में काला, गहरा नीला, नेवी ब्लू, मैरून, लाल और अन्य डार्क रंग के कपड़े नहीं पहनने चाहिए. ये हीट को जल्दी एब्जॉर्ब करते हैं और सूर्य की किरणों को सोखकर शरीर को गर्म कर देते हैं.
कौन से रंग के कपड़े आरामदायक?
गर्मियों के मौसम में आपको हल्के रंग के कपड़े पहनने चाहिए. आप शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने के लिए सफेद, आसमानी, हल्का नीला, बेज, ऑफ व्हाइट, हल्का गुलाबी, पिस्ता ग्रीन और हल्का पीला समेत तमाम रंग के कपड़े पहन सकते हैं.
गर्मियों में कैसे कपड़े पहनने चाहिए?
गर्मी के मौसम में कपड़ों के रंगों के साथ ही फैब्रिक भी महत्वपूर्ण होता है. गर्मियों के मौसम में आपको, कॉटन या लिनन फैब्रिक के कपड़े पहनने चाहिए. टाइट कपड़े न पहनकर ढीले-ढाले कपड़े पहनें. ध्यान रखें कि गर्मी में जॉर्जेट, सिंथेटिक या पॉलिस्टर के कपड़े नहीं पहनने चाहिए.
ये भी पढ़ें: Imli ka Amlana: खट्टा-मीठा और चटपटा… इमली का अमलाना देगा गर्मी में इंस्टेंट राहत, जानिए रेसिपी