Home > झारखंड > Jharkhand Crime: मनीषा के प्यार में हत्यारा बना हसन, पति को रास्ते से हटाने की रची साजिश, बाइक से टक्कर मारकर उतारा मौत के घाट

Jharkhand Crime: मनीषा के प्यार में हत्यारा बना हसन, पति को रास्ते से हटाने की रची साजिश, बाइक से टक्कर मारकर उतारा मौत के घाट

Jharkhand Crime: पत्नी मनीषा देवी ने अपने प्रेमी मोहम्मद हसन और उसके सहयोगी मोहम्मद परवेज के साथ मिलकर पति रवि प्रकाश को रास्ते से हटा दिया. मृतक की मां से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जब जांच की तब इसका खुलासा हुआ.

By: Sohail Rahman | Published: August 29, 2026 10:16:19 PM IST



Jharkhand Crime: मकान मालकिन से कथित प्रेम संबंध और पति को रास्ते से हटाने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज थाना क्षेत्र में रवि प्रकाश की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले की जांच के दौरान उसकी पत्नी मनीषा देवी, उसके कथित प्रेमी मोहम्मद हसन और सहयोगी मोहम्मद परवेज की भूमिका सामने आई. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद हसन किराये के मकान की तलाश में मनीषा के परिवार के संपर्क में आया था. इसी दौरान मनीषा और हसन के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए. आरोप है कि मनीषा अपने पति रवि प्रकाश से अलग होना चाहती थी और तलाक की कोशिश भी की थी, लेकिन बात नहीं बनी.

मनीषा और हसन ने रवि को रास्ते से हटाने की रची साजिश

इसके बाद पुलिस के मुताबिक, मनीषा और हसन ने रवि को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची. मनीषा अपने मायके गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के बरवाही गांव चली गई और पति रवि प्रकाश को वहां बुलाया. पुलिस का दावा है कि रवि प्रकाश के घर से निकलने के बाद मनीषा लगातार उसके मोबाइल लोकेशन की जानकारी मोहम्मद हसन को देती रही. जैसे ही रवि बरवाही गांव के पास जंगल वाले इलाके में पहुंचा, आरोप है कि हसन ने अपने सहयोगी मोहम्मद परवेज के साथ उसकी बाइक को टक्कर मार दी.

बताया जा रहा है कि इस दुखद हादसे में रवि प्रकाश की मौत हो गई. इसके बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई. मनीषा ने पुलिस को आवेदन देकर अज्ञात वाहन की टक्कर से पति की मौत होने की बात कही.

यह भी पढ़ें – Jharkhand: छात्रा की शिकायत पर गरमाया मामला, JMM कार्यकर्ताओं पर छेड़छाड़-मारपीट का आरोप; बाबूलाल मरांडी समेत BJP नेता थाने पहुंचे

मृतक की मां ने जताया शक

हालांकि रवि प्रकाश की मां को बहू की कहानी पर भरोसा नहीं हुआ. उन्होंने सड़क हादसे की बात मानने से इनकार करते हुए मनीषा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी और पूरे मामले की जांच की मांग की. शिकायत के बाद पुलिस ने करीब दो महीने तक मामले की जांच की. तकनीकी सेल की मदद से मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की पड़ताल की गई. पुलिस के मुताबिक, जांच में मनीषा और मोहम्मद हसन के बीच लगातार बातचीत के सुराग मिले. हादसे के समय हसन की लोकेशन भी घटनास्थल के आसपास मिली.

तीनों आरोपी गिरफ्तार

जांच के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद हसन को गढ़वा जिले के भंडरिया से गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान हसन से मिले सुरागों के बाद मनीषा देवी और मोहम्मद परवेज को भी गिरफ्तार कर लिया गया. रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मृतक की मां के आवेदन के बाद तकनीकी जांच के जरिए मामले को आगे बढ़ाया गया. कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन से पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर मामले का खुलासा हुआ.

(रांची से मनीष मेहता की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें – Breaking News: झारखंड के रामगढ़ में दहला देने वाला हादसा: फैक्ट्री में लगी भीषण आग, सोते-सोते तीन कर्मचारियों की दर्दनाक मौत!

Advertisement