Home > क्राइम > Jharkhand: मां से 3 साल की मासूम को मांगकर कमरे में ले गया युवक, फिर की दरिंदगी, पंचायत ने लगाया 1 लाख का जुर्माना, शराब-मांस की हुई पार्टी

Jharkhand: मां से 3 साल की मासूम को मांगकर कमरे में ले गया युवक, फिर की दरिंदगी, पंचायत ने लगाया 1 लाख का जुर्माना, शराब-मांस की हुई पार्टी

Gumla News: पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुनील लोहरा पीड़ित परिवार का परिचित था. उसने बच्ची की मां से कहा कि वह कुछ देर बच्ची को संभाल लेगा. भरोसा मिलने के बाद वह मासूम को कमरे में ले गया. थोड़ी देर बाद बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां वहां पहुंची तो वह गंभीर रूप से घायल मिली.

By: Hasnain Alam | Published: July 13, 2026 8:08:08 PM IST



Jharkhand News: झारखंड के गुमला जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. घाघरा थाना क्षेत्र के पलमा गांव में तीन साल की मासूम के साथ कथित दरिंदगी के बाद कानून के हवाले करने के बजाय गांव में पंचायत बैठाकर पूरा मामला दबाने की कोशिश की गई. आरोप है कि पंचायत ने आरोपी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया और मौके पर मिले 20 हजार रुपये से शराब और मांस की पार्टी तक कर ली. हालांकि, गांव के एक व्यक्ति की गुप्त सूचना ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पंचायत की भूमिका भी जांच के घेरे में है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुनील लोहरा पीड़ित परिवार का परिचित था. उसने बच्ची की मां से कहा कि वह कुछ देर बच्ची को संभाल लेगा. भरोसा मिलने के बाद वह मासूम को कमरे में ले गया. थोड़ी देर बाद बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां वहां पहुंची तो वह गंभीर रूप से घायल मिली. इसके बाद परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई.

निजी डॉक्टर के पास ले जाकर बच्ची का कराया इलाज

आरोप है कि घटना की जानकारी पुलिस को देने के बजाय गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने पहले बच्ची को एक निजी डॉक्टर के पास ले जाकर इलाज कराया और फिर पंचायत बुलाकर समझौता कराने की कोशिश की. पंचायत में आरोपी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. आरोपी ने मौके पर 20 हजार रुपये दिए, जबकि बाकी 80 हजार रुपये एक सप्ताह में देने की बात तय हुई.

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इसी रकम से पंचायत में शामिल कुछ लोगों ने शराब और मांस की पार्टी भी की. इसी दौरान गांव के एक जागरूक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम की सूचना घाघरा थाना पुलिस को दे दी. पुलिस मौके पर पहुंची, पीड़िता की मां का बयान दर्ज किया और पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने क्या कुछ कहा?

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पंचायत किसने बुलाई, उसमें कौन-कौन शामिल था और पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव किसने बनाया. घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार ने साफ कहा कि बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों में किसी भी तरह का समझौता कानूनन अपराध है. 

दोषी पाए जाने पर पंचायत में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, अरंगी पंचायत के मुखिया लोदो एक्का ने इस कथित पंचायत से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी पुलिस के पहुंचने के बाद ही मिली.

(रांची से मनीष मेहता की रिपोर्ट)

Advertisement