भारत की राजधानी दिल्ली मात्र एक शहर नहीं है. यह लाखों-करोड़ों लोगों की रोजी-रोटी का एक जरिया बन चुका है. राजधानी और इससे सटे नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद में तेजी में कॉर्पोरेट सेक्टर का विकास हुआ है जिसने राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लोगों को रोजगार के लिए आकर्षित किया है. इन राज्यों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना नौकरी के लिए आते हैं और कुछ असुविधा के कारण यही बस जाते हैं जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र पर लगातार बढ़ती जनसंख्या की चिंता भी बढ़ रही है.
जरा सोचिए… सुबह दिल्ली से मेरठ नौकरी पर जाना हो या गाज़ियाबाद से काम निपटाकर वापस आना… दिल्ली-NCR वालों के लिए सफर का मतलब था घंटों का ट्रैफिक जाम और थकान. लेकिन नमो भारत (Namo Bharat) के जरिए पूरे सफर की परिभाषा ही बदलती जा रही है. देश के पहले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के तहत चलने वाली नमो भारत ट्रेनें आज के समय की सबसे आधुनिक और हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट लाइफलाइन बन चुकी हैं.
हाल ही में दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक का 55 किलोमीटर लंबा हिस्सा आम जनता के लिए पूरी तरह खुल चुका है. आइए बिल्कुल आसान शब्दों में समझते हैं कि यह ‘नमो भारत कॉरिडोर’ आखिर क्या बला है, इसके कौन से 3 रूट्स हैं, और यह हमारी जानी-मानी ‘वंदे भारत’ से कैसे अलग है.
क्या है नमो भारत कॉरिडोर?
सीधे शब्दों में कहें, तो नमो भारत न तो पारंपरिक भारतीय रेलवे है और न ही आपकी रोज़मर्रा की मेट्रो. यह मेट्रो से तीन गुना तेज़ चलने वाली एक ऐसी रीजनल ट्रेन है, जो दो अलग-अलग शहरों (जैसे दिल्ली और मेरठ) को आपस में जोड़ती है. इसकी सबसे अनोखी बात यह है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए मेरठ मेट्रो को भी इसी के साथ जोड़ (Integrate) दिया गया है. यानी इंफ्रास्ट्रक्चर एक ही रहेगा, जिससे लोग मात्र 30 मिनट में मेरठ शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंच सकेंगे.
कौन से हैं नमो भारत के 3 बड़े रूट्स?
नमो भारत प्रोजेक्ट के पहले फेज में कुल 3 कॉरिडोर तैयार किए जा रहे हैं. सबसे खास बात यह है कि ये तीनों रूट्स दिल्ली के सराय काले खां (Sarai Kale Khan) स्टेशन पर आकर मिलेंगे, जिससे यात्रियों को ट्रेन बदलने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.
1. दिल्ली – गाज़ियाबाद – मेरठ: 82 किमी लंबा यह कॉरिडोर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में से होकर गुजरता है, जो दिल्ली को उत्तर प्रदेश से जोड़ता है. इस रूट पर नमो भारत स्टेशनों की संख्या 16 और मेरठ MRTS हेतु अतिरिक्त स्टेशनों की संख्या 9 है.
2. दिल्ली – गुरुग्राम – SNB – अलवर: 196 किमी लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मुनिरका, एयरोसिटी होते हुए गुरुग्राम, सोतानाला एवं रेवाड़ी के माध्यम से राजस्थान के अलवर तक पहुंचेगा. इसके मुख्य लाइन स्टेशनों की संख्या 22 है. हरियाणा एवं राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों से होकर गुजरने वाला यह कॉरिडोर गुरुग्राम से अलवर के बीच पूरे क्षेत्र को लाभान्वित करेगा. साथ ही, यह दिल्ली एवं गुरुग्राम से मानेसर, बावल एवं नीमराणा क्षेत्रों की बड़ी संख्या में यात्रा करने वाले यात्रियों की उत्पादकता में वृद्धि करेगा.
3. दिल्ली – सोनीपत – पानीपत: 136 किमी लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली को हरियाणा के सोनीपत, गन्नौर और पानीपत जैसे बड़े इंडस्ट्रियल व एजुकेशनल हब से जोड़ेगा. यह कॉरिडोर न केवल यात्रा समय में कमी लाएगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में पर्यावरणीय एवं आर्थिक लाभ भी सुनिश्चित करेगा. इस कॉरिडोर में सराय काले खां को छोड़कर मुख्य स्टेशनों की संख्या 17 है.
नमो भारत vs वंदे भारत: दोनों में अंतर क्या है?
कई लोग नमो भारत और वंदे भारत को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों का मकसद और बनावट बिल्कुल अलग हैं:
यात्रा की दूरी (Distance): ‘वंदे भारत’ एक इंटर-सिटी एक्सप्रेस ट्रेन है जो दो बड़े राज्यों या बहुत दूर स्थित शहरों (जैसे दिल्ली से वाराणसी या मुंबई से गोवा) के बीच चलती है. जबकि ‘नमो भारत’ एक रीजनल ट्रेन है, जो कम दूरी (100-200 किमी के दायरे) में बसे पड़ोसी शहरों (जैसे दिल्ली और मेरठ) के डेली कम्यूटर्स (रोज़ आने-जाने वालों) के लिए बनी है.
स्टॉपेज और फ्रीक्वेंसी: वंदे भारत दिन में एक या दो बार चलती है और इसके स्टॉप्स बहुत कम होते हैं. लेकिन नमो भारत हर 5 से 10 मिनट में मिलेगी और इसके स्टॉप्स हर 5-8 किलोमीटर पर होते हैं.
बनावट और सिटिंग: वंदे भारत में लंबी दूरी के सफर के हिसाब से भारी-भरकम कोच और खान-पान की सुविधा होती है. नमो भारत के डिब्बे मेट्रो की तरह थोड़े हल्के, हवादार और एयरोडायनामिक डिजाइन वाले हैं, जिनमें रेगुलर क्लास के साथ-साथ एक प्रीमियम (बिजनेस) क्लास और महिलाओं के लिए अलग कोच भी होता है.
सफर की असली कहानी, यात्रियों की जुबानी।
सुनिए क्यों नमो भारत बन रहा है हर दिन यात्रियों की पसंद@NamoBharatDelMT#NCRTC #suhanasafar #NamoBharat pic.twitter.com/o0X8Xiwz8r— National Capital Region Transport Corporation Ltd. (@officialncrtc) June 20, 2026
नमो भारत की 4 ‘हाई-टेक’ खासियत
1. ‘वन इंडिया – वन टिकट’ नीति: दिल्ली मेट्रो और नमो भारत से सफर करने वालों को अलग-अलग टिकट के लिए लाइन में नहीं लगना होगा. NCRTC ने दिल्ली मेट्रो (DMRC) और IRCTC के साथ समझौता किया है जिसके तहत यात्री दिल्ली मेट्रो के ऐप से ही नमो भारत की टिकट बुक कर सकते हैं.
2. 30% बिजली खुद बनाती है: ये मेड-इन-इंडिया ट्रेनें ‘रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम’ से लैस हैं यानी जब ट्रेन में ब्रेक लगता है तो उसकी काइनेटिक एनर्जी वापस बिजली में बदल जाती है. इससे यह 30% बिजली खुद बचा लेती है.
करोबार को मिली नई रफ्तार, नमो भारत के साथ।
सुनिए नमो भारत कैसे बना लोगों की तरक्की का साथी @NamoBharatDelMT#NamoBharat #MSME #MSMEday #GatiSePragati pic.twitter.com/6Ss2YZTCMB— National Capital Region Transport Corporation Ltd. (@officialncrtc) June 27, 2026
3. सोलर एनर्जी से चलती है स्टेशन की बत्तियां: पर्यावरण को बचाने के लिए इसके स्टेशनों और डिपो की छतों पर सोलर पैनल लगाए गए हैं. इनका लक्ष्य पूरे कॉरिडोर की 70% बिजली की ज़रूरत को सोलर पावर से पूरा करना है.
4. दुनिया की सबसे एडवांस सुरक्षा: यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें दुनिया में पहली बार LTE नेटवर्क पर चलने वाला ‘यूरोपियन ट्रेन कंट्रोल सिस्टम’ लगाया गया है. हादसे रोकने के लिए स्टेशनों पर ‘प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर्स’ (PSD) दिए गए हैं, जो ट्रेन आने पर ही खुलते हैं.
ये भी पढ़ें:- गांजा फूंकने वाले यार-दोस्तों का पता बताओ और ₹2 लाख का इनाम पाओ! क्या है सोशल मीडिया पर वायरल इस दावे का पूरा सच!


