Aaj Ka Mausam 2 May 2026: चक्रवाती संचरण और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. कई राज्यों में भारी बारिश होगा जबकि तूफान को लेकर भी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Depratmnet) की ओर से अलर्ट जारी है. देशभर में मौसम के करवट लेने के बाद कई राज्यों में आगामी शनिवार (2 मई, 2026) से गुरुवार (7 मई, 2026) तक भारी बारिश होने का अलर्ट है. इसके साथ ही कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है. मौसम की जानकारी मुहैया कराने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, आगामी 7 दिनों के दौरान दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में आंधी, बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से तापमान गिरेगा और गर्मी से राहत मिल सकती है. पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश और तूफान का ज्यादा असर रहेगा.
कहां-कहां होगी तेज बारिश?
IMD के ताजा अलर्ट के मुताबिक, शनिवार (2 मई, 2026) को बिहार समेत 16 राज्यों में मूसलाधार बारिश होगी, इसके साथ ही आंधी से एक ओर राहत मिलेगी तो दूसरी ओर नुकसान भी हो सकता है. खासतौर से मौसम विभाग की ओर से किसानों के लिए विशेष रूप से चेतावनी जारी की गई है. कई राज्यों में बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है.
बारिश वाले राज्य
- बिहार
- झारखंड
- हरियाणा
- राजस्थान
- पंजाब
- उत्तराखंड
- हिमाचल प्रदेश
- जम्मू-कश्मीर
- पश्चिम बंगाल
- ओडिशा
- असम
- मेघालय
- त्रिपुरा
- नगालैंड
- तमिलनाडु
- केरल
दिल्ली से बिहार तक कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को मई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इसका मतलब शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में गर्मी में हल्का इजाफा देखने को मिलेगा, जबकि 4 मई और 5 मई को दिल्ली में तेज बारिश होगी, जबकि 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगीं. उधर, यूपी की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
उधर, बिहार में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. इसके चलते पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, नालंदा, पटना, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर,खगड़िया, भागलपुर, बेगूसराय समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया और किशनगंज में बारिश होने की संभावना है. वहीं, राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं.
पहाड़ों पर क्या होगी बारिश
उत्तराखंड में 2 मई, 2026 को पिथौरागढ़, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और हरिद्वार में भारी बारिश होगी, कई जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, कांगड़ा,मंडी, चंबा, लाहौल स्पीति, सोलन, ऊना और बिलासपुर में बारिश होगी.
दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों के अलावा तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश में 2 से 5 मई तक बारिश, आंधी और बिजली का असर रहेगा. पूर्वोत्तर की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 4-5 दिनों तक लगातार बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.