Home > देश > कल का मौसम, 27 जुलाई: पहाड़ों पर रेड अलर्ट! दिल्ली, UP से लेकर गुजरात तक भारी बारिश की चेतावनी

कल का मौसम, 27 जुलाई: पहाड़ों पर रेड अलर्ट! दिल्ली, UP से लेकर गुजरात तक भारी बारिश की चेतावनी

27 जुलाई को घर से निकलने से पहले जान लें मौसम का हाल. दिल्ली-UP से मुंबई तक बारिश का अलर्ट, तो पहाड़ों पर आफत. जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मिजाज!

By: Shivani Singh | Last Updated: July 26, 2026 3:38:28 PM IST



Kal Ka Mausam, 27 July: अगर आपने सोमवार, 27 जुलाई के लिए ऑफिस जाने, सफर करने, खेत में काम करने या परिवार के साथ बाहर निकलने की योजना बनाई है, तो एक बार मौसम का हाल जरूर जान लें. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. कहीं भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा है, तो कहीं तेज हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं.

पहाड़ी राज्यों में रेड अलर्ट 

सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लोगों और पर्यटकों को है. इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी है. लगातार हो रही बारिश की वजह से भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़कें बंद होने जैसी स्थिति बन सकती है. अगर बहुत जरूरी न हो, तो पहाड़ी इलाकों की यात्रा टालना बेहतर रहेगा.

IMD ने साफ़ कहा है कि पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड), मडस्लाइड और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा बना हुआ है. हिमाचल के कई ज़िलों जिनमें धर्मशाला भी शामिल है, यहां पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है. उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के रास्तों पर भी सावधानी बरती जा रही है.

मैदानी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी 

मैदानी इलाकों की बात करें तो मुंबई और अहमदाबाद में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है. वहीं पटना, लखनऊ, रांची, जयपुर और कोलकाता में भी भारी बारिश के साथ बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है.

दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर

दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है. यहां आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है. तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि उमस बनी रहेगी, इसलिए बाहर निकलते समय छाता साथ रखना बेहतर रहेगा. गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है.

IMD के अनुसार, देश में बारिश का यह दौर कई सक्रिय मौसम प्रणालियों की वजह से बना हुआ है. दक्षिण-पूर्व राजस्थान और मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी असर दिखा रहा है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो-प्रेशर सिस्टम, मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ मिलकर उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश को बढ़ावा दे रहे हैं.

किसानों के लिए सावधानी

किसानों के लिए भी सोमवार का दिन सावधानी बरतने वाला रहेगा. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है. ऐसे में खेतों में काम करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें. जहां पानी भरने की संभावना हो, वहां फसलों की जल निकासी की व्यवस्था पहले से कर लें.

अगर आप किसी दूसरे शहर की यात्रा पर निकल रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपने शहर का स्थानीय मौसम अपडेट और ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें. पहाड़ी इलाकों में प्रशासन की सलाह का पालन करें और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें.

Advertisement