Home > देश > केदारनाथ यात्रा में मौसम बना बाधा, लगातार बारिश की वजह से अस्थायी रोक, IMD ने जारी किया अलर्ट

केदारनाथ यात्रा में मौसम बना बाधा, लगातार बारिश की वजह से अस्थायी रोक, IMD ने जारी किया अलर्ट

केदारनाथ धाम में लगातार कई दिनों से बारिश हो रही है. अचानक बिगड़े हुए मौसम की वजह से कुछ समय के लिए यात्रा रोक दी गयी है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है.

By: Shivangi Shukla | Published: May 31, 2026 2:55:51 PM IST



Kedarnath Yatra: चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव केदारनाथ की यात्रा में मौसम एक बड़ी रुकावट बन गया है. भारतीय मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग क्षेत्र में भारी बारिश, आंधी-तूफान की आशंका जताई है. 

मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. लगातार होती बारिश के कारण प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है.

जिला प्रशासन ने जारी किये निर्देश 

जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए विश्राम स्थल बनाये हैं. बारिश के कारण निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर यात्रियों को रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं. जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि खराब मौसम और IMD द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट की वजह से यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से रोका गया है. इसके अलावा पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. 

जानकारी के अनुसार मौसम सामान्य होते ही यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा. रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा भी लगातार मौसम और यात्रा मार्गों की निगरानी कर रहे हैं. केदारनाथ यात्रा के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए. साथ ही कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है.

केदारनाथ धाम के बारे में 

केदारनाथ मंदिर हिंदू धर्म का एक प्रमुख तीर्थस्थल है, जो मंदाकिनी नदी के तट पर समुद्र तल से करीब 3584 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. इस क्षेत्र का ऐतिहासिक नाम “केदार खंड” है. केदारनाथ मंदिर उत्तराखंड के चार धामों और पंच केदारों का हिस्सा है. यह भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है. सर्दियों में हिमपात की वजह से इस मंदिर के कपाट बंद रहते हैं. 

Advertisement