सुपरस्टार थलापति विजय की पार्टी टीवीके तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. लेकिन उन्हें सरकार बनाने में अन्य सहयोगी दलों का साथ जुटाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. विजय की पार्टी ने तमिलनाडु में 108 सीटें जीती हैं और बहुमत के लिए उन्हें 118 का आंकड़ा पार करना होगा. सरकार बनाने के लिए बहुमत का दावा पेश करने के लिए वो राज्यपाल से मिले, लेकिन इसके चंद घंटे बाद ही खेला हो गया. एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने विजय पर आरोप लगाया कि एक्टर ने उनका फर्जी समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा है. इसके बाद यह मामला थाने तक पहुंच चुका है. चलिए जानते हैं पूरा मामला.
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि विजय थलापति तमिलनाडु में 118 विधायकों का समर्थन लेकर राज्यपाल के पास सरकार बनाने के दावा करने पहुंचे थे. लेकिन बड़ा खेला हो गया. एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने आरोप लगाया है कि विजय की पार्टी ने उनके दल के समर्थन से जुड़ा एक कथित फर्जी पत्र राज्यपाल को सौंपा है. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उनकी पार्टी आपराधिक शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही है. उन्होंने बताया कि उनके विधायक कामराज के नाम से टीवीके के समर्थन में एक पत्र जारी किया गया था. दिनाकरन ने कहा कि उन्हें राज्यपाल से मुलाकात का समय मिला, जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल को वह असली पत्र दिखाया, जो उन्हें उनके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पलानीस्वामी की ओर से प्राप्त हुआ था.
फर्जी फोटोकॉपी जमा करने का आरोप
विजय की पार्टी पर आरोप लगाते हुए दिनाकरन ने आगे कहा कि टीवीके ने उस पत्र की फर्जी फोटोकॉपी राज्यपाल के पास जमा की थी. इतना ही नहीं, दिनाकरन ने कहा कि एआईएडीएमके की अगुवाई में सरकार बनाने का दावा करेंगे और अन्य समर्थक दलों का समर्थन मांगेंगे और राज्यपाल से सरकार बनाने का दावा करेंगे.
विजय के पास कितने विधायक
NDTV ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विजय ने वीसीके, एएमएमके और एक आईयूएमएल विधायक के साथ टीवीके का साथ देने के बारे में बात की, लेकिन वे आवश्यक समर्थन जुटाने में सफल नहीं हुए. अभी उनके पास 116 विधायक कुल हैं. और सरकार बनाने के लिए 118 विधायक चाहिए.