Home > देश > Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, मध्यग्राम इलाके में मारी गईं 3 गोलियां

Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, मध्यग्राम इलाके में मारी गईं 3 गोलियां

Suvendu Adhikari Personal Assistant Murder: नार्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के डोहरिया मोड़ चंद्रनाथ रथ अपनी गाड़ी में मौजूद थे और अपने घर के पास ही थे. बताया जा रहा है कि बाइक पर आए हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर एक के बाद एक तीन राउंड गोलियां चलाईं.

By: Hasnain Alam | Last Updated: May 7, 2026 10:48:50 AM IST



Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आ रही है. बीजेपी नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक के सिर, सीने और पेट में गोलियां लगीं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात नार्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के डोहरिया मोड़ पर हुई. उस समय चंद्रनाथ रथ अपनी गाड़ी में मौजूद थे और अपने घर के पास ही थे. बताया जा रहा है कि बाइक पर आए हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर एक के बाद एक तीन राउंड गोलियां चलाईं. दो गोलियां दिल को चीरती हुई बाहर निकल गईं.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक छोटी कार ने चंद्रनाथ की कार का रास्ता रोक दिया, फिर एक बाइक आई और बेहद करीब से गोली चला दी. कुल 6 राउंड फायरिंग हुई. कार को जब्त कर लिया गया है.

एक सुरक्षा गार्ड भी घायल

अस्पताल के सूत्रों से मिली शुरुआती रिपोर्ट में मौत का कारण यही बताया गया है. इस हमले में एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. वहीं घटना के समय चंद्रनाथ रथ के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जिसे घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया है. 

इस हमले की सूचना मिलने के बाद शुभेंदु अधिकारी मध्यमग्राम के विवासिटी अस्पताल पहुंच गए हैं. बताया जा रहा है कि मृतक पिछले 10 से 12 सालों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और उनके बेहद करीबी माने जाते थे. हाल के चुनावों में भी वह प्रचार अभियान से जुड़े अहम काम देख रहे थे. चंद्रनाथ रथ भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी थे.

ये भी पढ़ें: कौन थे चंद्रनाथ? जिनको बीच सड़क पर गोलियों से किया छन्नी; जानें कब-कहां और कैसे हुई हत्या

पिछले 24 घंटों में 5 लोगों की हत्या

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आने के बाद पिछले 24 घंटों में 5 लोगों की हत्या हुई है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 15 सालों से सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है. यहां तक की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी हार का सामने करना पड़ा है.

इस चुनाव में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल की है. मुख्यमंत्री पद के दावेदार शुभेंदु अधिकारी ने खुद ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर हराया है. फिलहाल चंद्रनाथ रथ की हत्या को राजनीतिक एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है. उनके करीबी संबंध और चुनावी सक्रियता को देखते हुए इस घटना ने  सियासी हलकों में भी हलचल बढ़ा दी है.

Advertisement