Home > देश > Video: जालंधर में स्कूटी में हुआ जोरदार धमाका, 1 KM दूर तक सुनाई दी आवाज; कार और दुकान के शीशे टूटे

Video: जालंधर में स्कूटी में हुआ जोरदार धमाका, 1 KM दूर तक सुनाई दी आवाज; कार और दुकान के शीशे टूटे

Jalandhar Scooter Blast: पंजाब के जालंधर में बीएसएफ चौक के पास एक स्कूटी में जोरदार धमाका हो गया. जिसके बाद उसमें आग लग गई. इस घटना के बाद एक किलोमीटर दूर मौजूद कार के शीशे टूट गए. पुलिस जांच कर रही है.

By: Sohail Rahman | Last Updated: May 6, 2026 12:33:49 PM IST



Jalandhar Scooter Blast: जालंधर में बीएसएफ चौक के पास एक एक्टिवा में अचानक धमाका होने की घटना सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद वाहन में आग लग गई. जिसकी वजह से मौके पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. इस दुखद घटना पर चश्मदीदों का बयान सामने आया है. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि धमाके के तुंरत बाद एक्टिवा आग की लपटों से घिर गई. यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और उन्होंने फौरन पुलिस को सूचना दी.

जैसे ही घटना की जानकारी मिली पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दीं.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हालांकि, अब तक धमाके की वजह का पता नहीं चल पाया है. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है. बताया जा रहा है कि आग पर काबू पा लिया गया है.



पुलिस ने क्या कहा?

इस घटना पर जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हमारी गश्ती टीम करीब 8:00 बजे यहां मौजूद थी. गेट के पास एक स्कूटर खड़ा था. अचानक उसमें आग लग गई. हम बीएसएफ से जानकारी जुटा रहे हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह स्कूटर उस व्यक्ति का है जो यहां काम करता है; जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, गाड़ी में आग लग गई. हम इस घटना के हर पहलू की जांच करेंगे.

पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि उन्होंने सभी जरूरी तथ्य बीएसएफ के साथ साझा कर दिए हैं. हम फिलहाल अपनी आगे की जांच कर रहे हैं. अभी हम किसी भी खास दावे की पुष्टि नहीं कर सकते. जब उनसे पूछा गया कि क्या यह धमाका किसी साज़िश का नतीजा हो सकता है तो उन्होंने कहा कि इस समय इस संभावना पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी.



दुकानदार ने क्या बताया?

जालंधर बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास स्कूटी में हुऐ ब्लास्ट से पास में मौजूद कार के शीशे दुकान में पड़े शीशे भी टूटे और रास्ते से निकल रही एक कार के एयर बेग तक खुल गए. जालंधर के बीएसएफ हेड क्वार्टर के पास रात करीब 8:00 बजे एक एक्टिवा में दो बार ब्लास्ट हुआ, जिसके कारण बीएसएफ हेडक्वार्टर के एरिया में डर का माहौल है. बता दें कि यह ब्लास्ट की आवाज 1 किलोमीटर दूर तक गई. आप इस चीज से अंदाजा लगाइए कि जिस जगह पर ब्लास्ट हुआ उसे 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक कार के शीशे और दुकान के शीशे भी टूट गए और कई शीशे में दरार भी आ गई है.

ये भी पढ़ें: जालंधर के बाद अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर हुआ ब्लास्ट, एक ही दिन में 2 धमाकों से दहल उठा पंजाब

दुकान के कर्मचारियों ने क्या कहा?

दुकान के कर्मचारियों ने बताया कि वह दुकान में बैठा हुआ था और रोजाना की तरह उसके पास ग्राहक आ रहे थे. अचानक ही 8:00 बजे के करीब एक धमाका हुआ, जिससे वह डर गया. जब उसने बाहर देखा तो बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास आग लगी हुई है. उसने बताया कि धमाका इतना था कि उसके दुकान में लगे शीशे में भी दरारें आ गई और कई शीशे टूट गए.

Advertisement