केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि सरकार एग्जाम पेपर लीक मामलों में तेजी से ट्रायल के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएगी. 20 जुलाई को NEET पेपर लीक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पेलेट गन के इस्तेमाल पर विपक्ष के विरोध के बीच मंगलवार को दोपहर 2 बजे तक कार्यवाही स्थगित होने के बाद लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (गलत तरीकों की रोकथाम) संशोधन बिल पर चर्चा शुरू हो गई है. वहीं, लोकसभा की कार्यवाही रात 10 बजे तक बढ़ाई गई है. जानिए विपक्ष के नेताओं ने क्या-क्या कहा.
जितेंद्र सिंह ने कहा- मील का पत्थर कानून
संसद मानसून सत्र में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि पब्लिक एग्जामिनेशन (गलत तरीकों की रोकथाम) अमेंडमेंट बिल एक मील का पत्थर है. लोकसभा में जितेंद्र सिंह ने कहा कि पेपर लीक मामले में संशोधन बिल कानून को और सख्त बनाने के लिए लाया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार एग्जाम पेपर लीक मामलों में तेज़ी से ट्रायल के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार एग्जाम में सुधार की सलाह देने के लिए एक टास्क फोर्स बनाएगी.
गौरव गोगोई ने क्या कहा?
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि NEET लीक स्कैम के 45 में से 44 आरोपी ज़मानत पर रिहा हो गए हैं. उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान AK-47, पेलेट गन का इस्तेमाल क्यों किया गया.
बांसुरी स्वराज ने क्या कहा?
BJP नेता बांसुरी स्वराज ने एंटी-पेपर लीक बिल की तारीफ की.
अखिलेश यादव ने क्या बोला?
सपा नेता अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा कि Gen-Z ने सरकार को झुकाकर अपनी मांगें मनवाईं. उन्होंने बोला, ‘प्रधान को हटाकर के प्रधानमंत्री को बचा लिया’. साथ ही सपा नेता ने NTA को ‘आउटसोर्स’ करने पर सरकार से सवाल किया.
इसके अलावा अखिलेश यादव ने प्राइमरी स्कूल बंद होने पर BJP सरकार पर हमला बोला, कहा- 1 लाख से ज़्यादा स्कूल बंद हैं. उन्होंने कहा कि 26,300 स्कूल बंद हो गए हैं. सपा नेता ने दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन की तुलना इमरजेंसी से की, आंसू गैस के इस्तेमाल का ज़िक्र किया.
अभिषेक बनर्जी ने सरकार से किया सवाल
लोकसभा में अभिषेक बनर्जी ने कहा, अगर यह नया भारत है, तो पेपर लीक लगातार क्यों होते हैं. साथ ही बोला कि अगर आप (सरकार) इतने काबिल हैं, तो सील्ड सवाल-जवाब क्यों नहीं दे सकते. अभिषेक बनर्जी ने आगे कहा, ‘देश के अलग-अलग हिस्सों में लाखों छात्र विरोध करने के लिए सड़कों पर उतरे. उनकी बात सुनने के बजाय, पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस और पेलेट गन चलाई.’
एंटी-पेपर लीक बिल क्या है?
नया एंटी-पेपर लीक बिल, 2024 पब्लिक एग्जामिनेशन (गलत तरीकों से बचाव) एक्ट, 2024 में काफी बदलाव करता है, जो स्टूडेंट्स के बढ़ते विरोध के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वादों के मुताबिक है. नए बिल में चार्जशीट फाइल होने के तीन महीने के अंदर ट्रायल खत्म करने, एक स्पेशल टास्क फोर्स, टाइम-बाउंड जांच और ट्रायल के दौरान रोज़ाना कार्रवाई का प्रस्ताव है.
यह खबर भी पढ़ें: Shahrukh Khan: सलमान के बाद क्या शाहरुख खान ने भी CJP प्रोटेस्ट पर शेयर किया पोस्ट? आखिर क्या है वायरल स्टोरी की सच्चाई