Odisha News: ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. जानकारी सामने आ रही है कि इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. घटना से रथ यात्रा के उत्साह के बीच शोक का माहौल बन गया. मृतक की पहचान अनिल दास के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) स्थित मरीचीकोट चक के पास भारी भीड़ के बीच उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई.
बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े. घटनास्थल पुलिस बैरिकेड से लगभग 100 फीट की दूरी पर था.
कैसे हुआ हादसा?
मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन की मदद से उन्हें तुरंत पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना में कई अन्य श्रद्धालु भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना उस समय हुई जब भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथ यात्रा के दर्शन के लिए ग्रैंड रोड पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी. प्रशासन ने फिलहाल घटना के कारणों पर विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और अधिकारियों की ओर से विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है.
अधिकारियों ने क्या बताया?
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को ओडिशा के पुरी में रथ यात्रा के दौरान ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे कम से कम 200 लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई. News18 की शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया, साथ ही प्रभावित श्रद्धालुओं को इलाज के लिए पुरी मेडिकल ले जाया गया. इसके अलावा, अधिकारियों ने कहा कि वे स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और वार्षिक उत्सव में शामिल होने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया उपायों को बढ़ा दिया है.
यह भी पढ़ें – तीसरी भाषा शुरू करने पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, कहा- 9वीं से नहीं छठी कक्षा से शुरू हो…