New Toll Rules: सड़क पर सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है। सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों के उन हिस्सों पर टोल दरों में 50 फीसदी तक की कटौती की है, जहां पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या एलिवेटेड रोड बनी हुई हैं। बता दें, सरकार के इस फैसले से लोग कम रुपए में सफर कर सकेंगे और उनकी जेब पर बोझ भी घटेगा। अब टोल की गणना करने का तरीका भी बदल दिया गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ‘एनएच शुल्क नियम, 2008’ में बदलाव करके एक नई अधिसूचना जारी की है। इसके तहत अब फ्लाईओवर और पुल जैसे ढांचों पर पहले के मुकाबले कम टोल वसूला जाएगा।
पहले क्या होता था?
पहले नियमों के मुताबिक, हर किलोमीटर की संरचना (जैसे पुल या सुरंग) पर सामान्य टोल का 10 गुना तक शुल्क वसूला जाता था। बता दें, सरकार द्वारा इस टोल को वसूलने का मकसद निर्माण लागत की भरपाई करना था।
अब कैसे होगी गणना?
सरकार ने इसका उदाहरण भी दिया है, मान लीजिए कोई सड़क 40 किलोमीटर लंबी है और वह पूरी की पूरी संरचना (जैसे फ्लाईओवर या सुरंग) है। पुराने नियम के अनुसार टोल की गणना 400 किलोमीटर के बराबर होती (10 गुना)। लेकिन अब इसे घटाकर 5 गुना कर दिया गया है यानी सिर्फ 200 किलोमीटर की गणना होगी। यानी, अब टोल शुल्क उसी सड़क पर केवल आधे हिस्से के लिए वसूला जाएगा, जिससे 50% तक की बचत होगी। वहीं, इस नए नियम से लोगों की जेब पर कम असर पड़ेगा और लोग सस्ते में यात्रा कर सकेंगे।
NHAI अधिकारियों का बयान
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसे लेकर बताया कि यह बदलाव उन सड़कों के लिए किया गया है, जिनमें निर्माण लागत काफी ज़यादा लगती है। वहीं, अब फ्लाईओवर, अंडरपास और सुरंगों जैसी जगहों पर टोल आधा कर दिया गया है।
इस फैसले से हाईवे पर सफर करना पहले से ज्यादा सस्ता और आरामदायक हो जाएगा। सरकार द्वारा किया गया यह बदलाव सड़क यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।