Delhi Fire: राजधानी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में रविवार को एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया. फायर ब्रिगेड कर्मियों ने अंदर फंसे पांच बच्चों और दो महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया, जबकि आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं.
पहली मंजिल पर लगी थीआग
दिल्ली फायर ब्रिगेड के मुताबिक, यह घटना न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के मकान C-600 में हुई. आग लगने की सूचना दोपहर करीब 3:39 बजे मिली. शुरुआती जांच में पता चला कि आग पहली मंजिल पर लगी थी, जिसके बाद धुआं तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गया.
मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां
सूचना मिलने पर, सबसे पहले एक वॉटर बॉजर (WB), एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV), और एक BFT यूनिट को भेजा गया. बार-बार कॉल आने पर बाद में और फायर इंजन मौके पर भेजे गए. STO मनोज अहलावत और SO राज कुमार ने राहत अभियान की कमान संभाली.