Delhi Weather Today: दिल्ली में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों का इंतजार अब खत्म हो ही गया। रविवार को मानसून ने राजधानी में दस्तक दे दी। वहीं देश के बाकी हिस्सों में मानसून सामान्य तिथि 8 जुलाई से नौ दिन पहले ही आ गया। दिल्ली में रविवार को मानसून की पहली बारिश देखने को मिली है, जिससे गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जानिए कब तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान गरज और बिजली गिरने के भी आसार हैं। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कल यानी 1 जुलाई को राजधानी में तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिल्ली में बारिश का सिलसिला 6 जुलाई तक जारी रहने की उम्मीद है।
बारिश से भीगी पूरी दिल्ली
दिल्ली के कई इलाकों में रविवार को बारिश हुई। मौसम विभाग की मुताबिक वसंत कुंज, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, आया नगर और डेरा मंडी समेत कई इलाकों में गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 75 प्रतिशत रही।