Marriage Scam: महाराष्ट्र के बीड़ जिले में खूबसूरत युवती से युवक की शादी हुई. दूल्हे के पिता ने उम्मीद से ज्यादा खर्च किया, जिससे रिश्तेदार और पड़ोसी शान में कसीदे पढ़ सकें. दुल्हन विदा होकर आई तो परिवार में खुशियां दुगुनी हो गईं. मुंह दिखाई में हजारों रुपये मिले और दुल्हन की खूबसूरती की तारीफ भी जमकर हुई. शादी के बाद सुहागरात भी मनाई और दूसरे ही दिन से दुल्हन और दूल्हा दोनों ही बहुत खुश नजर आए. कुछ दिनों दुल्हन अचानक गायब हो गई. काफी तलाश करने पर भी नहीं मिली तो मायके फोन किया गया, लेकिन फोन मिला ही नहीं. जब असली राज़ सामने आया तो दुल्हा और उसका परिवार सदमे में आ गया, क्योंकि जिस लड़की से शादी हुई थी वह 8 लोगों के साथ शादी करके सुहागरात मना चुकी थी और कुछ दिनों बाद ही जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाती थी.यह मामला गेवराई तहसील के उमापुर गांव से सामने आया है.
जेवर और पैसे लेकर फरार हुई दुल्हन
महाराष्ट्र के बीड़ जिले के गेवराई तहसील के उमापुर गांव का यह मामला दिल्ली तक सुर्खियों में है, जहां दूल्हा से लेकर पूरा परिवार ठगा सा महसूस कर रहा है. दूल्हे का कहना है कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है. इससे पहले 8 शादियां करने वालीं लुटेरी दुल्हन घर से लाखों रुपये और जेवर भी लेकर भाग गई.
एजेंटों के जरिये हुई थी शादी
पीड़ित उमापुर के युवक की मानें तो शादी तय कराने के लिए एजेंटों ने उससे पहले ही लाखों रुपये ले लिए थे. उन्हें कोई शक नहीं हुआ. लड़की दिखाई गई. उसकी रजामंदी के बाद शादी तय हुई. इसके बाद रीति-रिवाजों के साथ शादी हुई. सुहागरात भी मनाई. इस बीच शादी के कुछ दिन बाद ही दुल्हन और उसके साथ आए लोग अचानक गायब हो गए.
कई राज्यों में आ चुके हैं ऐसे मामले
शिकायत के बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ है.यह लुटेरी दुल्हन पहले ही 8 लोगों से शादी कर चुकी है. यह गिरोह पहले लड़की की शादी करवाता है फिर शादी के कुछ दिनों बाद ही दुल्हन घर में रखे कीमती जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाती थी. इस ताजा मामले में भी ऐसा ही हुआ. यहां पर बता दें कि मध्य प्रदेश में भी इस तरह के कई मामले सामने आए हैं. यहां तक कि लुटेरी दुल्हन नाम से एक फिल्म भी बन चुकी है, जिसमें इस ठगी के बारे में विस्तार के दिखाया गया है.