जिंदगी के सफर में हम अक्सर फिल्मों और वेब सीरीज में ऐसी खौफनाक कहानियां देखते हैं, जिन्हें देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं. लेकिन जब फिल्मी पर्दे जैसा खौफनाक सस्पेंस-थ्रिलर असल जिंदगी में घट जाए, तो इंसान का कानून और रिश्तों से भरोसा उठ जाता है. महाराष्ट्र के बारामती से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी. प्यार और सात फेरों के पवित्र बंधन में बंधने वाली एक पत्नी ने अपने ही पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए घर के अंदर ही उसकी कब्र खोद डाली. पहले पति को नशीली गोलियां देकर गहरी नींद में सुलाया, फिर उस पर बेरहमी से वार किए और अधबने चेंबर में जिंदा दफन करने की खौफनाक साजिश रच डाली. गनीमत रही कि वक्त रहते मजदूरों की नजर पड़ी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति की जान बचा ली. आइए जानते हैं इस सनसनीखेज वारदात की पूरी अंदर की कहानी.
जूस में दी नींद की गोलियां और फिर शुरू हुआ टॉर्चर
यह दिल दहला देने वाली घटना बारामती शहर के जामदार रोड स्थित इंद्रप्रस्थ सोसायटी के फ्लैट नंबर-9 में सामने आई है. यहां 41 साल के प्रवीण प्रकाश जगताप अपनी पत्नी शर्मिला और बच्चों के साथ रहते थे. प्रवीण एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करते हैं. लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि पत्नी उनके के लिए एक कब्र तैयार कर रही है. पीड़ित पति प्रवीण ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि साजिश की शुरुआत बुधवार की रात से हुई थी. उनकी पत्नी शर्मिला ने उन्हें जूस में मिलाकर भारी मात्रा में नींद की गोलियां दे दी थीं. इसके बाद प्रवीण गुरुवार और शुक्रवार पूरा दिन-रात गहरी बेहोशी की हालत में सोते रहे. शनिवार को जब उन्हें थोड़ी सी होश आई, तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी उन पर क्रिकेट बैट से हमला कर रही है और उन्हें बेरहमी से पीट रही है.
घर की गैलरी में बनाई गई पति के लिए ‘कब्र’
आरोप है कि पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए घर की गैलरी में ईंट और सीमेंट से एक चौकोर चेंबर तैयार करवाया था. बेहोशी की हालत में प्रवीण को उसी चेंबर के अंदर डालकर ऊपर से कडप्पा पत्थर की स्लैब से सील करने की पूरी तैयारी थी. लेकिन घर में वह चेंबर बना रहे मजदूरों को जब इस अजीबोगरीब काम और महिला की हरकतों पर शक हुआ, तो उन्होंने बिना देर किए पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर दिया. शुक्रवार रात को, जब प्रवीण चीखे-चिल्लाए, तो घर के दूसरे कमरे में सो रही उनकी बुजुर्ग मां की नींद खुल गई. हालांकि उनकी मां के पैर में फ्रैक्चर था और उन्हें शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया, लेकिन बेटे की चीख सुनकर उन्होंने तुरंत अपने बड़े बेटे को फोन कर बुलाया. ठीक उसी वक्त पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. भाई और पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर सबके होश उड़ गए. पुलिस ने आनन-फानन में प्रवीण को चेंबर से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
जादू-टोने का एंगल और पुलिस की कार्रवाई
इस पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 38 वर्षीय आरोपी पत्नी शर्मिला प्रवीण जगताप को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने पीड़ित पति के पिता प्रकाश जगताप की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी महिला को पुलिस कस्टडी में भेजकर पूछताछ की जा रही है. हैरानी की बात यह है कि इस खौफनाक साजिश के पीछे जादू-टोने का एंगल भी सामने आ रहा है, क्योंकि घर से मिले एक कैलेंडर पर कुछ तारीखों के आगे ‘No Result’ लिखा हुआ मिला है. फिलहाल पुलिस हर एंगल- चाहे वह ऑनलाइन-ऑफलाइन नशीली दवाएं खरीदने का मामला हो या बच्चों की सुरक्षा का, इस सनसनीखेज वारदात की गहराई से जांच कर रही है.