Ujjwala Yojana LPG Subsidy: इन दिनों एलपीजी सिलेंडर के दाम काफी बढ़ गए हैं. ऐसे में आज के समय में चाहे जैसा दाम हो लेकिन आपको 300 रुपये सस्ता ही सिलेंडर मिलेगा. अब आप सोच रहे होंगे कि ये कैसे तो आपको बता दें कि उज्ज्वला योजना के तहत लोगों को फायदा हो रहा है. आप भी परेशान न हो क्योंकि आपको भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई लागत से काफी सस्ती मिल सकती है.
अगर हम दिल्ली की बात करें तो यहां पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थी को 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर सिर्फ ₹613 में मिल रहा है और बिना सब्सिडी वाले लोगों को उस सिलेंडक के लिए ₹913 देने पड़ रहे हैं. ये कीमत सप्लाई लागत ₹1,200 से कम है. देश में 10.55 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मार्केट रेट से 300 और सप्लाई रेट से 587 रुपये सस्ता सिलेंडर मिल रहा है. अगर सरकारी आकड़े की माने तो देश में करीब 33 करोड़ कस्टमर घरेलू एलपीजी के हैं.
कौन उठा रहा नुकसान?
एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई लागत और मार्केट प्राइस तथा उज्ज्वला सब्सिडी में हो रहे अंतर की वजह से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को काफी नुकसान हो रहा है. लास्ट ईयर कंपनियों को ₹41,338 करोड़ का नुकसान हुआ था जो कि अब ₹60,000 करोड़ हो सकता है. इस नुकसान के लिए सरकार ने लगभग ₹30,000 करोड़ के मुआवजे का इस साल प्रावधान किया है.
आपको कैसे मिलेगा ये सिलेंडर?
- उज्ज्वला योजना के कनेक्शन के लिए अपने पास के डिस्ट्रीब्यूटर से मिलें और गैस कनेक्शन के लिए 18 साल या उससे ज्यादा की ऐज होनी चाहिए.
- अगर किसी के घर में LPG कनेक्शन नहीं है तो वो महिला आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी लेकर आवेदन कर सकती है.
- आपको बता दें कि इस उज्ज्वला योजना में पात्र महिलाओं को बिना सिक्योरिटी मनी के गैस कनेक्शन मिलता है और पहली गैस भरी हुई साथ में फ्री में चूल्हा मिलता है.
उज्ज्वला योजना के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट जमा करने होते हैं. इनमें सबसे पहले विधिवत भरा हुआ केवाईसी (KYC) आवेदन फॉर्म शामिल है. पहचान के प्रमाण के रूप में आधार कार्ड की प्रति देना जरूरी है. यदि आवेदक का वर्तमान निवास पता आधार कार्ड में दर्ज पते से अलग है, तो अलग से निवास प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा. प्रवासी (माइग्रेंट) श्रेणी के आवेदकों को स्व-घोषणा पत्र जमा करना पड़ता है. इसके अलावा, संबंधित राज्य का राशन कार्ड या परिवार के सदस्यों की जानकारी प्रमाणित करने वाला राज्य सरकार द्वारा जारी कोई वैध दस्तावेज भी जरूरी है.
आवेदक और उसके परिवार के सभी वयस्क सदस्यों के आधार कार्ड की प्रतियां जमा करनी होती हैं, बशर्ते उनके नाम राशन कार्ड या पारिवारिक दस्तावेज में दर्ज हों. साथ ही बैंक खाते की पासबुक की फोटोकॉपी या कैंसिल चेक भी आवेदन के साथ संलग्न करना जरूरी है.