दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत के एक बड़े हिस्से में आज मानसून की झमाझम बारिश हो रही है. इस मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम ने मुसीबत भी बढ़ा दी है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राहत और आफत का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है. विभाग ने कल यानी 8 जुलाई को देश के 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि कल कुछ जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं.
आइए जानते हैं कि कल, 8 जुलाई को आपके राज्य में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है:
यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश का हाल भी कुछ ऐसा ही रहने वाला है. मौसम विभाग ने 8 जुलाई को यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. कल मथुरा, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन, अलीगढ़, कानपुर, ज्योतिबा फुले नगर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और देवरिया में झमाझम बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान इन इलाकों में तेज रफ्तार हवाएं भी चल सकती हैं.
बिहार में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी
बिहार में पिछले दो दिनों से लगातार मानसूनी बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो फिलहाल 10 जुलाई तक इस बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. विभाग ने 8-9 जुलाई को पटना, गया, सारण, सीवान, बक्सर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, अररिया, किशनगंज और बेगूसराय समेत कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में कल भी बरसेगी आफत?
देश की राजधानी दिल्ली में आज दिनभर रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी रहा. द्वारका से लेकर ग्रीन पार्क तक हुई इस बारिश से मौसम तो सुहाना हो गया है, लेकिन सड़कों पर रफ्तार थम गई है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए कल भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही इस बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे कल अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास सिमटने की उम्मीद है.
झारखंड में भी बरसेगा पानी, गिरेगा पारा
झारखंड में भी कल मौसम का रुख कड़ा रहने वाला है. मौसम विभाग ने 8 जुलाई को पलामू, गढ़वा, रांची, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर, लातेहार, खूंटी, सरायकेला, रामगढ़, सिमडेगा, गोड्डा, जामतारा और पाकुड़ में भारी बारिश की चेतावनी दी है. बारिश की वजह से राजधानी रांची समेत कई जिलों में तापमान गिरेगा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का हाल?
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश आफत बनकर बरस रही है. उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है. मौसम विभाग ने कल यानी 8 जुलाई को पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, चमोली और ऋषिकेश में भारी बारिश का अनुमान जताया है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, किन्नौर और चंबा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान में ‘ऑरेंज’ अलर्ट
मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. कल, 8 जुलाई राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर, बूंदी, झालावाड़, बांसवाड़ा, उदयपुर, जैसलमेर, अनूपगढ़, अलवर, करौली, जोधपुर और डूंगरपुर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
मध्य प्रदेश ‘येलो’ अलर्ट
इसी तरह, मध्य प्रदेश के सतना, गुना, ग्वालियर, उज्जैन, खरगोन, मुरैना, इंदौर, छतरपुर, बालाघाट, विदिशा, सिवनी, रीवा, देवास, मंडला, खंडवा और छिंदवाड़ा जिलों के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.