Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि उसका रिश्ता एक रिटायर टीचर से हैं. दोनों ना केवल अक्सर मिलते हैं बल्कि अवैध संबंध भी बनाते हैं. पति ने पुलिस थाने में शिकायत देकर पत्नी को उसके चंगुल से मुक्त कराने और फिर आरोपी टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार का कहना है कि पति की ओर से पुलिस को कार्रवाई के लिए आवेदन मिला है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये दो लोगों के बीच मामला है और दोनों ही बालिग है. ऐसे में अनैतिक कृत्यों में लिप्त हैं, यह पता लगाना कठिन कार्य है.
पूरा मामला हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के बेढना गांव का है. पति कैलाश पांडेय का कहना है कि उसकी पत्नी के कथित तौर पर रिटायर टीचर से संबंध हैं. पत्नी आरोपी टीचर के संपर्क में है. थाने में दिए गए आवेदन में कैलाश पांडेय ने जानकारी दी है कि उनकी पत्नी चौपारण के एक मेडिकल सेंटर पर काम करती है. वहां बरई केंदुआ का रहने वाला रिटायर टीचर रघु चौरसिया का अक्सर आना-जाना था. इसी दौरान दोनों संपर्क में आए. पति का यहां तक कहना है कि दोनों अक्सर मिलते हैं और अनैतिक संबंध भी बनाते हैं.
समझाने पर भी नहीं मानी पत्नी
कैलाश पांडेय का कहना है कि उन्होंने पत्नी को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी के व्यवहार में बदलाव के कारण परिवार में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है.
कैलाश पांडेय ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी से विवाद के कारण परिवार प्रभावित हो रहा है. उन्होंने पुलिस से पत्नी को कथित रूप से उक्त व्यक्ति के प्रभाव से बाहर निकालकर परिवार बचाने की गुहार लगाई है.
सेवानिवृत्त शिक्षक ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, सेवानिवृत्त शिक्षक रघु चौरसिया ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने आवेदक के खिलाफ न्यायालय जाने की बात कही है. रघु चौरसिया का कहना है कि अगर शिकायतकर्ता कैलाश पांडेय ने माफी नहीं मागी तो वह मानहानि का केस दायर करेंगे.