IRCTC New Website Launch Soon: भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था में आने वाले समय में बदलाव देखने को मिल सकता है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि यात्रियों को बेहतर और आरामदायक एक्सपीरिएंस देने के लिए नई IRCTC वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी. ये घोषणा उन्होंने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान की.
कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने IRCTC वेबसाइट पर आने वाली कैप्चा की दिक्कत पर बात रखी. छात्र ने बताया कि टिकट बुकिंग के समय कैप्चा और अन्य दिक्कतों के वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस पर रेल मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारी को फोन कर स्थिति की जानकारी ली और नई वेबसाइट के लॉन्च की समयसीमा तय करने को कहा.
30 दिनों में वेबसाइट तैयार करने का निर्देश
छात्रों की मांग का जिक्र करते हुए अश्विनी वैष्णव ने अधिकारी से पूछा कि क्या नई IRCTC वेबसाइट अगले 30 दिनों में तैयार हो सकती है. इसके बाद उन्होंने छात्रों को बताया कि नई वेबसाइट 15 जुलाई तक आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी. ये घोषणा होते ही कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने खुशी जाहिर की और उनका आभार व्यक्त किया.
#WATCH | On students’ demand, Union Railway Minister announces new IRCTC website to be launched by 15th July pic.twitter.com/fjX6z6vyj1
— ANI (@ANI) June 11, 2026
लंबे समय से मिल रही थीं तकनीकी शिकायतें
IRCTC की मौजूदा वेबसाइट को लेकर यात्रियों की शिकायतें नई नहीं हैं. विशेष रूप से तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट का धीमा होना, सर्वर पर जेयादा लोड पड़ना, OTP में देरी और बार-बार वेबसाइट क्रैश होने जैसी समस्याएं लगातार सामने आती रही हैं. यही कारण है कि लंबे समय से वेबसाइट को मॉडर्न बनाने की मांग की जा रही थी.
ऑनलाइन टिकट बुकिंग का बढ़ता दायरा
भारतीय रेलवे ने साल 2002 में ऑनलाइन टिकट की सुविधा शुरू की थी. इसके बाद डिजिटल टिकट बुकिंग में लगातार बढ़ोतरी हुई है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में लगभग 88 प्रतिशत रेल टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जाते हैं, जबकि आरक्षण काउंटरों पर टिकट लेने वालों की संख्या लगातार घट रही है.
तत्काल बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन जरूरी
पिछले साल जुलाई से तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया था. अब केवल आधार वेरिफिकेशन हुए (Aadhaar Authenticated) लोगों ही IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए तत्काल टिकट बुक कर सकते हैं. साल 2025 के दौरान रेलवे ने फर्जी गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए 3.04 करोड़ IRCTC खातों को डिएक्टिवेट किया, जबकि 2.94 करोड़ खातों को अस्थायी रूप से बैन कर रि वेरिफिकेशन का ऑप्शन दिया.