Home > देश > अगरतला जा रही इंडिगो फ्लाइट पर गिरी बिजली, कोलकाता एयरपोर्ट पर हुआ हादसा, 147 लोग थे विमान में सवार

अगरतला जा रही इंडिगो फ्लाइट पर गिरी बिजली, कोलकाता एयरपोर्ट पर हुआ हादसा, 147 लोग थे विमान में सवार

शुक्रवार को कोलकाता हवाई अड्डे पर आंधी-तूफान के दौरान अगरतला जा रहे इंडिगो के एक विमान पर बिजली गिर गई. इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ.

By: Shivangi Shukla | Published: June 19, 2026 8:27:51 PM IST



Indigo Flight Struck By lightening: कोलकाता हवाई अड्डे पर एक भीषण हादसा होते-होते बचा. भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को कोलकाता हवाई अड्डे पर आंधी-तूफान के दौरान अगरतला जा रहे इंडिगो के एक विमान पर बिजली गिर गई.

यह घटना उस समय आये हुए आंधी-तूफान और बारिश की स्थिति के बीच हुई, जिसके लिए हवाई अड्डा संचालन नियंत्रण केंद्र (एओसीसी) ने मौसम संबंधी चेतावनी जारी की थी. हालांकि उन्होंने आगे बताया कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ.

कोलकाता हवाई अड्डे में हुआ हादसा 

इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) सुबह करीब 9.30 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर एयरोब्रिज 56L पर खड़ी थी, तभी उस पर बिजली गिर गई. जानकारी के अनुसार बिजली गिरने से विमान की विद्युत प्रणाली प्रभावित हुई, जिससे “अचानक बिजली बंद हो गई.” बता दें कि जब विमान पर बिजली गिरी तब ए320 विमान में 141 यात्री और छह चालक दल के सदस्य सवार थे. अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर एयरलाइन ने यात्रियों को विमान से उतार दिया, जो बाद में ए321 विमान (वीटी-आईसीडी) से रवाना हुए. फ्लाइट को मूल रूप से सुबह 9.20 बजे रवाना होना था, लेकिन वह यात्रियों के साथ दोपहर 12.50 बजे रवाना हुई.

खराब मौसम से हवाई यातायात हो रहा बाधित 

इंडिगो के अनुसार, इस हादसे में दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. अधिकारी ने बताया कि मेडिकल चेकअप के बाद उन्हें तुरंत छुट्टी दे दी गई. बता दें कि कोलकाता और आसपास के जिलों में शुक्रवार सुबह से ही आंधी-तूफान और बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है और यातायात बाधित हो गया है, खासतौर पर हवाई यातायात खराब मौसम की वजह से ज्यादा प्रभावित हुआ है.

Advertisement