Home > देश > बारिशों के मौसम में हरिद्वार जाने से पहले पढ़ लें यह खबर, मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे रहेगा बंद, जानिए कब तक नहीं मिलेगी सुविधा

बारिशों के मौसम में हरिद्वार जाने से पहले पढ़ लें यह खबर, मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे रहेगा बंद, जानिए कब तक नहीं मिलेगी सुविधा

Haridwar Ropeway Closed: अगर आप भी इस महीनें हरिद्वार जाकर मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह अपडेट जरूर पढ़ लें. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों मंदिरों के रोपवे कुछ दिनों के लिए बंद रहेंगे.

By: Shivashakti Narayan Singh | Published: July 8, 2026 2:59:20 PM IST



Haridwar News: अगर आप कांवड़ यात्रा या श्रावण मास से पहले हरिद्वार जाकर मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह अपडेट जरूर पढ़ लें. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों मंदिरों के रोपवे कुछ दिनों के लिए बंद रहेंगे. हालांकि, मंदिरों में दर्शन पहले की तरह जारी रहेंगे और श्रद्धालु पैदल मार्ग से पहुंच सकेंगे.
 
रोपवे संचालन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, मनसा देवी रोपवे 8 जुलाई से 11 जुलाई तक बंद रहेगा. इसके बाद चंडी देवी रोपवे 13 जुलाई से 16 जुलाई तक संचालित नहीं होगा. इस दौरान रोपवे की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी.

दर्शन होंगे, लेकिन पैदल जाना होगा

रोपवे बंद रहने का असर केवल यात्रा सुविधा पर पड़ेगा. श्रद्धालु इन दिनों भी मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में दर्शन कर सकेंगे. मंदिर तक पहुंचने के लिए पैदल मार्ग का इस्तेमाल करना होगा.हर साल श्रावण मास और कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. भीड़ बढ़ने से पहले रोपवे की पूरी तकनीकी जांच और रखरखाव किया जाता है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की तकनीकी खराबी या सुरक्षा संबंधी परेशानी न हो. यह प्रक्रिया नियमित सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है.

रोपवे की होगी पूरी तकनीकी जांच

मेंटेनेंस के दौरान ट्रॉली, स्टील केबल, ब्रेकिंग सिस्टम, टावर और मशीनरी समेत सभी महत्वपूर्ण हिस्सों की बारीकी से जांच की जाएगी. जहां जरूरत होगी, वहां मरम्मत और जरूरी बदलाव भी किए जाएंगे, ताकि रोपवे सुरक्षित तरीके से दोबारा शुरू किया जा सके.रोपवे के निरीक्षण में केवल संचालन कंपनी ही नहीं, बल्कि सरकारी संस्था ब्रिडकुल (BRIDCUL) के अधिकारी भी शामिल होंगे. उनकी मंजूरी और सुरक्षा रिपोर्ट मिलने के बाद ही दोनों रोपवे दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे.

यात्रा से पहले रखें इन बातों का ध्यान

अगर आप इन तारीखों में हरिद्वार जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो रोपवे बंद रहने की जानकारी पहले से जरूर रखें. पैदल यात्रा के लिए आरामदायक जूते पहनें, पर्याप्त पानी साथ रखें और मौसम को ध्यान में रखकर ही यात्रा करें.

Advertisement