Home > देश > पाकिस्तान के F-16 को हवा में धूल चटाने वाले हीरो ‘अभिनंदन वर्धमान’ ने IAF को कहा अलविदा, अब संभालेंगे इस प्राइवेट एयरलाइन की कमान!

पाकिस्तान के F-16 को हवा में धूल चटाने वाले हीरो ‘अभिनंदन वर्धमान’ ने IAF को कहा अलविदा, अब संभालेंगे इस प्राइवेट एयरलाइन की कमान!

ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से समय से पहले सेवानिवृत्ति (प्रीमैच्योर रिटायरमेंट) ली है. उन्होंने कमर्शियल एविएशनर में नया करियर शुरू करने के लिए क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 जॉइन की .

By: Kajal Jain | Published: September 3, 2026 9:40:05 AM IST



जब भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान ने आसमान के रास्ते भारत की सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश की थी तो देश का एक ऐसा जांबाज पायलट दुश्मन को खदेड़ने के लिए आगे आया जिसने न सिर्फ उस देश के मंसूबों का पर्दाफाश किया बल्कि दुश्मन के चंगुल से निकलकर सही सलामत देश वापस लौट आया. हम बात कर रहे हैं ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान की, जिन्होंने साल 2019 में अपने पुराने मिग-21 बाइसन विमान से पाकिस्तान के अत्याधुनिक एफ-16 फाइटर जेट को धूल चटा दी थी. फरवरी 2019 में हुए उस ऐतिहासिक कूटनीतिक क्षण को आज भी देशवासी गर्व से याद करते हैं. उस घटना के बाद से अभिनंदन हर भारतीय के दिलों में हीरो बन गए थे.

अब एक बड़ी खबर सामने आई है कि उन्होंने भारतीय वायुसेना को अलविदा कह दिया है और एक प्राइवेट एयरलाइन कंपनी जॉइन कर ली है. ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान के इस फैसले ने पूरे देश को हैरान कर दिया है. लेकिन उन्होंने यह फैसला क्यों लिया? आइए जानते हैं उनकी इस पूरी रोमांचक और प्रेरणादायक यात्रा के बारे में, जिसमें आसमान की ऊंचाइयों से लेकर अब कॉरपोरेट आसमान तक का सफर शामिल है.

2019 की घटना के बाद चर्चा में आए थे अभिनंदन वर्धमान

फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी. इसके अगले दिन यानी 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी वायुसेना के कई विमानों ने एलओसी के पास भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की. उस समय श्रीनगर एयर बेस पर ऑपरेशनल रेडनेस प्लेटफॉर्म पर तैनात विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को तुरंत आसमान में उड़ान भरने का आदेश मिला. तब उनकी उम्र 35 वर्ष थी.

दुश्मन की तादाद और तकनीक हमसे कहीं ज्यादा थी, लेकिन अभिनंदन ने बिना डरे उनका मुकाबला किया. अपनी गजब की सूझबूझ, आक्रामकता और कूटनीति से उन्होंने पाकिस्तानी विमानों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और इसी दौरान पीछा करते हुए पाकिस्तान के एक एफ-16 फाइटर जेट को हवा में ही मार गिराया. यह पहली बार था जब मिग-21 बाइसन जैसे पुरानी पीढ़ी के विमान ने आधुनिक एफ-16 को मार गिराया था. हालांकि, इसी लड़ाई के दौरान दुश्मन की तरफ से दागी गई मिसाइल से अभिनंदन का विमान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद उन्हें दुश्मन के इलाके में इजेक्ट करना पड़ा और वे पाकिस्तान की कैद में चले गए थे.

दुश्मन देश की कैद में बिताए थे संघर्ष भरे 60 घंटे

दुश्मन के इलाके में उतरने के बाद अभिनंदन को पाकिस्तानी सेना ने पकड़ लिया था. उन्होंने पाकिस्तानी सेना की कैद में करीब 60 घंटे बिताए. इस दौरान उन्होंने जिस गजब के संयम, निडरता और सैन्य गरिमा का परिचय दिया, उसने पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया. भारत के कूटनीतिक दबाव और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की सख्ती के आगे झुकते हुए पाकिस्तान को आखिरकार 1 मार्च 2019 को उन्हें सकुशल भारत वापस भेजना पड़ा. स्वदेश लौटने पर उनका जोरदार और भव्य स्वागत हुआ था, और वे हर देशवासी की जुबान पर छा गए थे.

अदम्य साहस के लिए मिला ‘वीर चक्र’

अभिनंदन के इस असाधारण और ऐतिहासिक पराक्रम के लिए भारत सरकार ने उन्हें देश के तीसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता पुरस्कार ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया. दिसंबर 2019 में भारत के गजट में प्रकाशित उनके प्रशस्ति पत्र में बताया गया था कि कैसे उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दुश्मन के भारी भरकम और तकनीकी रूप से उन्नत बेड़े का डटकर मुकाबला किया. उन्होंने अपने विमान चालन के गुर से दुश्मन के पायलटों को भारी भ्रम और रणनीतिक अराजकता में धकेल दिया था.

प्राइवेट एयरलाइन के साथ नई पारी की शुरुआत

सेना और देश की सेवा करने के बाद अब अभिनंदन वर्धमान ने एक नया कदम उठाया है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, उन्होंने 31 मार्च को भारतीय वायुसेना से इस्तीफा दे दिया है. सेना छोड़ने के बाद उन्होंने देश की एक प्रमुख लोकल एयरलाइन कंपनी ‘Fly91’ जॉइन कर ली है, जहां वे अब एक नए रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. भले ही अब उन्होंने वर्दी उतार दी हो, लेकिन देश के आसमान में उनकी बहादुरी की दास्तां हमेशा अमर रहेगी और लोग उन्हें उसी ग्रुप कैप्टन के रोल में देखकर याद करेंगे.

ये भी पढ़ें:- KBC का ‘गूगल बॉय’ कौटिल्य पंडित, जिसने ‘हॉट सीट’ पर पहुंचकर अमिताभ बच्चन को किया हैरान; अब कहां और किस हाल में है वो ‘जीनियस’?

Advertisement