Home > देश > Delhi Weather: दिल्ली में दो साल की सबसे गर्म सुबह दर्ज, Heat Index 50°C के पार

Delhi Weather: दिल्ली में दो साल की सबसे गर्म सुबह दर्ज, Heat Index 50°C के पार

Delhi Weather:आईएमडी के मुताबिक 14 जून 2024 के बाद यह दिल्ली की सबसे गर्म सुबह रही है, जब न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.दिल्ली के बेस मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

By: Divyanshi Singh | Published: June 28, 2026 9:28:09 PM IST



 Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को पिछले दो वर्षों की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक था. वहीं अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मानसून की देरी के बीच दिल्ली में हीटवेव (लू) की स्थिति बनी रही और शाम 5:30 बजे तक ‘फील्स लाइक’ तापमान 50.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी

आईएमडी के मुताबिक, 14 जून 2024 के बाद यह दिल्ली की सबसे गर्म सुबह रही है, जब न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.दिल्ली के बेस मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा पालम में 42°C, लोधी रोड में 42.1°C, रिज क्षेत्र में 42.6°C और आया नगर में 41.8°C तापमान दर्ज किया गया.मौसम विभाग ने पुष्टि की कि राजधानी में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. साथ ही अधिक नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है, जिससे बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है.

अगले हफ्ते तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून

मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर 27 या 28 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह लगभग एक सप्ताह देरी से चल रहा है.स्काईमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पाकिस्तान से आने वाली शुष्क पश्चिमी हवाएं और अरब सागर से आने वाली नमी युक्त दक्षिण-पश्चिमी हवाएं दिल्ली के ऊपर आपस में टकरा रही हैं. इस वजह से बादल तो बन रहे हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं हो पा रही है, जिससे तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है.

उन्होंने कहा कि मानसून 30 जून या 1 जुलाई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, 2 या 3 जुलाई तक उत्तराखंड और अनुकूल परिस्थितियां रहने पर 4 जुलाई तक दिल्ली पहुंच सकता है. साथ ही आने वाले दिनों में एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बनने की संभावना है, जिससे हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

सोमवार को बारिश की संभावना

आईएमडी ने सोमवार के लिए गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. हालांकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है. रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 162 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ (Moderate) श्रेणी में आता है.

Advertisement