Amarnath Yatra 2026 Halted: हिंदू धर्म में सबसे पवित्र यात्राओं में शामिल अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra 2026) पर मौसम की मार पड़ गई है. जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के कई इलाकों में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की चेतवानी के बाद 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा को अस्थायी तौर से रोक दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्गों की पूरी तरह जांच के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी.
19 जुलाई से दोनो मार्गों पर यात्री स्थगित
अधिकारियों के मुताबिक, 19 जुलाई यानी कल से किसी भी श्रद्धालु को बालटाल या पहलगाम (नुनवान-चंदनवाड़ी) मार्ग से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यह रोक अगले आदेश तक लागू रहेगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा को फिर से शुरू करने का निर्णय मौसम की स्थिति और दोनों ट्रैक की सुरक्षा का विस्तृत आकलन करने के बाद ही लिया जाएगा.
IMD की चेतावनी के बाद लिया गया फैसला
प्रशासन के मुताबिक, IMD ने जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में खराब मौसम और भारी बारिश की संभावना जताई है. इसी को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके. अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें.
साढ़े तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
यात्रा पर अस्थायी रोक लगाए जाने से पहले इस साल 3.7 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर अपनी यात्रा पूरी कर चुके हैं. प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे थे, लेकिन मौसम में आए बदलाव के कारण फिलहाल यात्रा रोकने का फैसला लिया गया है.