Home > देश > Amarnath Yatra Route Map: अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले जरूर पढ़ें! बालटाल या पहलगाम, कौन-सा रूट रहेगा बेस्ट?

Amarnath Yatra Route Map: अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले जरूर पढ़ें! बालटाल या पहलगाम, कौन-सा रूट रहेगा बेस्ट?

Amarnath Yatra Route Map: अमरनाथ यात्रा 2026 शुरू हो चुकी है.श्रद्धालुओं के लिए बालटाल और पहलगाम दो मेन रूट उपलब्ध हैंय जानें दोनों मार्गों की दूरी, कठिनाई, यात्रा अवधि और आपके लिए कौन-सा रास्ता रहेगा सबसे बेहतर.

By: Sanskriti Jaipuria | Published: July 3, 2026 12:33:57 PM IST



Amarnath Yatra Route Map: अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ हो चुका है और श्रद्धालुओं में बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर गहरा उत्साह देखने को मिल रहा है. समुद्र तल से लगभग 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा साल के अधिकांश समय बर्फ से ढकी रहती है. हर साल सीमित अवधि के लिए खुलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं. इस बार यात्रा 57 दिनों तक चलेगी और 28 अगस्त 2026 को संपन्न होगी. यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने व्यापक इंतजाम किए हैं. यदि आप भी इस साल यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि बाबा बर्फानी तक पहुंचने के लिए कौन-सा मार्ग आपके लिए बेहतर रहेगा.

 बालटाल रूट

बालटाल मार्ग अमरनाथ यात्रा का सबसे छोटा रास्ता माना जाता है. ये उन श्रद्धालुओं के लिए सही है जो कम समय में यात्रा पूरी करना चाहते हैं. हालांकि, इसकी चढ़ाई काफी खड़ी और कठिन होती है, इसलिए इस मार्ग पर अच्छी शारीरिक क्षमता होना जरूरी है.

 शुरुआत: गांदरबल जिले के बालटाल से
 कुल दूरी: लगभग 14 किलोमीटर
 यात्रा अवधि: 1 से 2 दिन
 प्रमुख पड़ाव: डोमेल, बरारी और संगम
 किसके लिए बेहतर: शारीरिक रूप से फिट और ट्रैकिंग करने में सक्षम श्रद्धालु

ध्यान रखें: संकरे रास्ते और तीव्र चढ़ाई के कारण बुजुर्गों, बच्चों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को इस मार्ग पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.

 पहलगाम रूट 

पहलगाम मार्ग अमरनाथ यात्रा का सबसे पुराना और पारंपरिक रास्ता है. ये दूरी में लंबा जरूर है, लेकिन इसकी चढ़ाई अपेक्षाकृत आसान मानी जाती है. यही वजह है कि पहली बार यात्रा करने वाले, परिवार के साथ जाने वाले और बुजुर्ग श्रद्धालु अक्सर इसी मार्ग को चुनते हैं.

 शुरुआत: नुनवान-पहलगाम (अनंतनाग जिला)
 कुल दूरी: लगभग 48 किलोमीटर
 यात्रा अवधि: 3 से 5 दिन
 प्रमुख पड़ाव: चंदनवाड़ी, शेषनाग, पंचतरणी और फिर पवित्र गुफा
 किसके लिए बेहतर: आरामदायक गति से यात्रा करने वाले श्रद्धालु और परिवार

 कौन-सा रूट चुनें?

अगर आपके पास समय कम है और आप कठिन ट्रैकिंग करने में सक्षम हैं, तो बालटाल रूट बेहतर ऑप्शन हो सकता है. वहीं, यदि आप अपेक्षाकृत आसान, पारंपरिक और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर यात्रा का अनुभव लेना चाहते हैं, तो पहलगाम रूट आपके लिए अधिक सही रहेगा. अपनी उम्र, स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा मार्ग का चयन करें.

Advertisement