Himachal Pradesh Landslide in Chamba: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने तबाही मचाना शुरु कर दिया है. चंबा में चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग पर भारी बारिश की वजह से सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया.
इस दौरान वहां से गुजर रही एक कार पर पहाड़ दरक गया, जिससे वाहन भारी मलबे के नीचे फंस गया. गनीमत बस इतनी थी कि समय रहते सावधानी से वाहन सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
आवाजाही हुई ठप
पहाड़ दरकने की वजह से सड़क टूट गयी है और यातायात बाधित हो गया है. मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया और यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा. पहाड़ दरकने की वजह से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें मुख्य सड़क पर आ गिरीं हैं.
रेस्क्यू ऑपरेशन ने निकाले वाहन
इस घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मलबे में फंसे वाहन को निकालने और राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गयी. विभाग द्वारा तुरंत दो जेसीबी मशीनों को रेस्क्यू के लिए लगाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर तक मलबे में फंसे वाहन को पूरी तरह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बंद पड़े रास्ते को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है.
बता दें कि हिमाचल में मानसून अब अपने सबसे खतरनाक दौर में प्रवेश करने जा रहा है. मौसम विभाग ने 19 से 21 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही भूस्खलन, अचानक बाढ़, नदी-नालों के उफान, सड़कें बंद होने और जनजीवन प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ गया है.