Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में कई दिनों के विराम के बाद मानसून ने फिर करवट बदली है. राज्य के अधिकांश जिलों में शनिवार से मूसलाधार बारिश हो रही है. तेज बारिश की वजह से यातायात और सामान्य जन-जीवन प्रभावित हो गया है.
तेज बारिश के चलते कांगड़ा जिले में जब्बर खड्ड में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने एक बुजुर्ग की जान ले ली. न्याजपुर वार्ड-9 निवासी 70 वर्षीय रशपाल सिंह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए.
भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने के बाद IMD ने चेतावनी जारी की है. शनिवार से ही राज्य के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने शनिवार को कांगड़ा और मंडी में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था. IMD के अनुसार अगले 4 दिन राज्य में भारी बारिश होगी. 19 से 22 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. जानकारी के अनुसार चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर और अन्य मध्य व निचले पर्वतीय जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा अधिक ऊंचाई पर स्थित जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
लोगों को सावधान रहने की दी गई चेतावनी
भारी बारिश से राज्य में जनजीवन प्रभावित हुआ है. सड़कों पर पानी भरने, भूस्खलन की वजह से यातायात प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर तेज बारिश और तूफ़ान की वजह से बिजली भी नहीं है. इसके अलावा नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है. बता दें कि प्रशासन ने किन्नौर और सतलुज घाटी के लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है. जानकारी के अनुसार सतलुज नदी में जल प्रवाह बढ़ने के कारण कड़छम डैम से किसी भी समय अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है. ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गयी है.