Himachal Pradesh Petrol Diesel Price Today: हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 60 पैसे प्रति लीटर बढ़ गई हैं. हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर का अनाथ और विधवा सेस (टैक्स) लगाने का नोटिफिकेशन जारी किया है. इसके बाद शिमला में पेट्रोल की कीमत 103.08 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.27 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
राज्य के टैक्स और आबकारी विभाग ने देर शाम यह नोटिफिकेशन जारी किया. नोटिफिकेशन के अनुसार, यह सेस राज्य के भीतर पेट्रोल और डीजल की पहली बिक्री के समय लगाया जाएगा. सरकार ने हिमाचल प्रदेश वैल्यू एडेड टैक्स (HPVAT) एक्ट, 2005 की धारा 6-A के तहत यह सेस लगाने का फैसला किया.
11 अगस्त की आधी रात से बढ़े दाम
राज्य के टैक्स और आबकारी विभाग द्वारा जारी किए गए नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया गया है कि नया सेस 11 अगस्त की आधी रात से लागू होगा. राज्य सरकार ने वित्तीय संसाधन जुटाने के लिए मंगलवार आधी रात से यह सेस लागू किया. इसको लेकर सरकार का बयान सामने आया है. जिसमें उनका कहना है कि इस सेस से मिलने वाला रेवेन्यू अनाथों और विधवाओं की कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च किया जाएगा.
बजट सत्र के दौरान किया गया था संशोधन
इस साल की शुरुआत में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश वैल्यू एडेड टैक्स (संशोधन) एक्ट पास किया था. इस एक्ट में समाज के जरूरतमंद वर्गों, खासकर विधवाओं और अनाथों के कल्याण के लिए 5 रुपये प्रति लीटर तक का सेस लगाने का प्रावधान शामिल था. राज्य के टैक्स और आबकारी विभाग ने जरूरी कार्रवाई के लिए कमिश्नर और सभी एडिशनल, जॉइंट, डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नरों को नोटिफिकेशन की कॉपी भेज दी हैं. नोटिफिकेशन में निर्देश दिया गया है कि सरकार के आदेश के अनुसार इस उपाय को तुरंत लागू किया जाए.
यह भी पढ़ें – HPRCA Vacancy: हेल्थ विभाग में इन पदों पर निकली वैकेंसी, बस चाहिए ये योग्यता, 25000 है महीने की सैलरी