11
Pangi Valley Landslide Himachal: हिमाचल प्रदेश की पांगी घाटी से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि चलती टाटा सूमो पर अचानक भारी भूस्खलन हो गया, जिससे वाहन चट्टानों के नीचे दब गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में छह महीने के एक मासूम सहित 13 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद वाहन में आग लगने की भी सूचना है, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के मुताबिक, हादसा पांगी घाटी के दुर्गम इलाके में हुआ, जहां टाटा सूमो यात्रियों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा और वाहन उसकी चपेट में आ गया. हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
6 महीने के बच्चे समेत कई लोगों की मौत की आशंका
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, वाहन में कई लोग सवार थे. शुरुआती रिपोर्ट में छह महीने के एक बच्चे समेत 13 लोगों की मौत की आशंका जताई गई है. हालांकि, प्रशासन की ओर से मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि अभी नहीं की गई है.
दो लोग सुरक्षित निकाले गए
भरमौर के विधायक जनक राज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में दो लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे. दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. उनकी हालत की जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस और राहत दल मौके पर रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं. डीएसपी केलांग ने भी घटना की पुष्टि की है. राहत एवं बचाव अभियान जारी है और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है. दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल प्रशासन राहत कार्य में जुटा है. मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.