Home > हेल्थ > World Polio Day 2026: भारत पोलियो मुक्त, फिर भी खतरा टला नहीं! क्यों आज भी बच्चों के लिए जरूरी है हर खुराक

World Polio Day 2026: भारत पोलियो मुक्त, फिर भी खतरा टला नहीं! क्यों आज भी बच्चों के लिए जरूरी है हर खुराक

World Polio Day 2026: भारत 2014 में पोलियो मुक्त घोषित हुआ, लेकिन खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. जानें बच्चों के लिए पोलियो वैक्सीन, निगरानी और हर खुराक क्यों जरूरी है.

By: Lalit Kumar | Published: October 24, 2026 2:46:55 PM IST



World Polio Day 2026: दुनियाभर में आज यानी 24 अक्तूबर को ‘विश्व पोलियो दिवस’ (World Polio Day 2026) मनाया जा रहा है. इसका उद्देश्य इस बीमारी और बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना है. बता दें कि, भारत को साल 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया था. यह देश के स्वास्थ्य इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में से एक है. बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान, लोगों की जागरूकता और लगातार निगरानी के कारण भारत में जंगली पोलियो वायरस का स्थानीय प्रसार रोकने में सफलता मिली. लेकिन, क्या पोलियो मुक्त होने का मतलब यह है कि अब बच्चों को इसकी वैक्सीन की जरूरत नहीं है? विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसा बिल्कुल नहीं है. 

दुनिया के कुछ हिस्सों में पोलियो वायरस का प्रसार अब भी चिंता का विषय है. ऐसे में वायरस के दोबारा भारत पहुंचने का जोखिम पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता है. World Polio Day 2026 के मौके पर समझिए कि पोलियो से बचाव के लिए बच्चों का टीकाकरण और सतर्कता आज भी क्यों जरूरी है?

पोलियो क्या है और बच्चों के लिए कितना खतरनाक?

राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज के कम्युनिटी मेडिसिन हेड डीएस मर्तोलिया कहते हैं कि, पोलियो एक संक्रामक बीमारी है, जो पोलियो वायरस के कारण होती है. इसका खतरा खासतौर पर पांच साल से कम उम्र के बच्चों को अधिक होता है. यह वायरस मुख्य रूप से दूषित भोजन और पानी के जरिए फैल सकता है. गंभीर मामलों में यह तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है और शरीर के किसी हिस्से में लकवा पैदा करता है. वैसे तो पोलियो से होने वाले इस लकवे का कोई खास इलाज नहीं है, लेकिन टीकाकरण से इस बीमारी को रोका जा सकता है.

पोलियो मुक्त भारत में भी क्यों जरूरी है वैक्सीन?

भारत में पोलियो वायरस का स्थानीय प्रसार रुक चुका है, लेकिन दुनिया से यह बीमारी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. अंतरराष्ट्रीय यात्रा और लोगों की आवाजाही के कारण वायरस उन क्षेत्रों तक पहुंच सकता है, जहां पहले उसका प्रसार नहीं था. इसलिए बच्चों को पोलियो से सुरक्षा देने के लिए टीकाकरण जारी रखना बेहद जरूरी है. ओरल पोलियो वैक्सीन (OPV) और इनएक्टिवेटेड पोलियो वैक्सीन (IPV) बच्चों को इस बीमारी से बचाने में अहम भूमिका निभाती हैं. माता-पिता को राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार बच्चों की सभी जरूरी खुराक सुनिश्चित करनी चाहिए.

निगरानी क्यों नहीं हो सकती बंद?

पोलियो वायरस की संभावित मौजूदगी का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी करता है. बच्चों में अचानक होने वाली तीव्र शिथिल लकवा (Acute Flaccid Paralysis यानी AFP) जैसी स्थितियों की जांच की जाती है, ताकि पोलियो सहित संभावित कारणों की पहचान हो सके. इसके अलावा, सीवेज की निगरानी से भी वायरस की मौजूदगी का पता लगाने में मदद मिल सकती है, भले ही उस समय पोलियो का कोई पुष्ट मामला सामने न आया हो.

वैक्सीन से जुड़े इस खतरे को भी समझें

कुछ परिस्थितियों में, जहां टीकाकरण का स्तर लंबे समय तक कम रहता है, ओरल वैक्सीन में इस्तेमाल होने वाला कमजोर वायरस समुदाय में फैलते हुए आनुवंशिक बदलाव कर सकता है. इसे वैक्सीन-डिराइव्ड पोलियोवायरस कहा जाता है. हालांकि, इसका मतलब यह कतई नहीं है कि पोलियो वैक्सीन से बचना चाहिए.

पोलियो से बचाव के लिए क्या करें?

भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए बच्चों का पूरा टीकाकरण, सरकारी टीकाकरण अभियानों में भागीदारी, प्रभावी निगरानी और जन-जागरूकता जरूरी है. पोलियो से बचाव की जिम्मेदारी केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि हर परिवार और समुदाय की भी है.

विश्व पोलियो दिवस 2026 की थीम

विश्व पोलियो दिवस 2026 (24 अक्टूबर) की थीम ‘एक दिन, एक लक्ष्य: पोलियो का हमेशा के लिए खात्मा’. इस दिन का संदेश साफ है कि, भारत ने पोलियो के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए हर बच्चे का टीकाकरण और लगातार सतर्कता जरूरी है.

Advertisement