Home > हेल्थ > गर्मी के साथ फंगल इंफेक्शन क्यों बढ़ने लगता है? बीमारी और मौसम के बीच क्या कनेक्शन, समझें 5 बड़े कारण

गर्मी के साथ फंगल इंफेक्शन क्यों बढ़ने लगता है? बीमारी और मौसम के बीच क्या कनेक्शन, समझें 5 बड़े कारण

Fungal Infection Cause In Summer: गर्मियों का मौसम कई गंभीर बीमारियों को साथ लाता है. हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो इन दिनों स्किन से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं. खासतौर पर फंगल इंफेक्शन. अब सवाल है कि आखिर, गर्मियों में फंगल इंफेक्शन क्यों फैलता है? इस बारे में बता रही हैं बेंगलुरु की सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. प्रीती-

By: Lalit Kumar | Published: May 28, 2026 2:32:01 PM IST



Fungal Infection Cause In Summer: गर्मियों का मौसम कई गंभीर बीमारियों को साथ लाता है. स्किन से जुड़ी बीमारियां इनमें से एक हैं. हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो इन दिनों स्किन से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं. खासतौर पर फंगल इंफेक्शन. आमतौर पर लोग इसे नॉर्मल खुजली या एलर्जी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अगर समय पर इसका इलाज न किया जाए तो इंफेक्शन तेजी से शरीर के दूसरे हिस्सों में भी फैल सकता है. यही नहीं, अनदेखी से बार-बार होने का भी जोखिम बढ़ सकता है. फंगल इंफेक्शन स्किन पर फंगस यानी कवक के बढ़ने से होता है. जब हमारी स्किन लंबे समय तक गर्म और नम बनी रहती है तो फंगस तेजी से बढ़ने लगता है और इंफेक्शन का कारण बनता है. अब सवाल है कि आखिर, गर्मियों में फंगल इंफेक्शन क्यों फैलता है? इस बारे में बता रही हैं बेंगलुरु की सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. प्रीती-

गर्मियों में क्यों फैलता है फंगल इंफेक्शन?

पसीना आना: गर्मी में शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए ज्यादा पसीना निकालता है. अगर पसीना लंबे समय तक स्किन पर बना रहता है तो वहां नमी बढ़ जाती है. यह नमी फंगस के बढ़ने वाला वातावरण बनाती है. इसी कारण से जिन लोगों को बहुत ज्यादा पसीना आता है, उनमें इंफेक्शन का खतरा ज्यादा रहता है.

ह्यूमिडिटी-हीटवेव: सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि उमस भी इंफेक्शन फैलने का बड़ा कारण है. जब मौसम में नमी ज्यादा होती है तो स्किन सूख नहीं पाती है. नम स्किन पर फंगल तेजी से फैलता है और कई बार इंफेक्शन पूरे परिवार में फैलने लगता है.

कमजोर इम्यूनिटी: डायबिटीज, मोटापा, लंबे समय तक स्टेरॉयड दवाओं का इस्तेमाल या कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में फंगल इंफेक्शन जल्दी होने का जोखिम बढ़ जाता है. इम्यून सिस्टम कमजोर होने पर व्यक्ति का फंगल इंफेक्शन ठीक होने में ज्यादा समय लगता है.

टाइट कपड़े: गर्मियों में टाइट जींस, जिम वियर या सिंथेटिक कपड़े पहनने से स्किन तक हवा ठीक से नहीं पहुंचती है. इससे पसीना अंदर फंस जाता है और स्किन लगातार गीली बनी रहती है. यही कारण है कि जांघों और कमर के आसपास फंगल इंफेक्शन ज्यादा देखने को मिलता है.

तौलिया शेयर करना: कई लोग तौलिया, कपड़े या जिम एक्सेसरीज शेयर करते हैं. फंगल इंफेक्शन संक्रमित व्यक्ति के कपड़ों, तौलियों और स्किन के संपर्क से आसानी से फैल सकता है.

Advertisement