Home > हेल्थ > नहाने या स्विमिंग के बाद कान बंद क्यों हो जाते हैं? ये 3 बड़े कारण जान हो जाएंगे हैरान, ऐसे करें बचाव

नहाने या स्विमिंग के बाद कान बंद क्यों हो जाते हैं? ये 3 बड़े कारण जान हो जाएंगे हैरान, ऐसे करें बचाव

Ear Blocked Problem: अक्सर आपने देखा होगा कि, नहाने या स्विमिंग के बाद कान बंद हो जाते हैं. कुछ देर के लिए कान में भारीपन महसूस होने लगता है. लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ऐसा क्यों होता है. डॉक्टर से जानिए आखिर, नहाने या स्विमिंग के बाद कान क्यों बंद हो जाते हैं? परेशानी से बचने के लिए क्या करें?

By: Lalit Kumar | Published: June 8, 2026 7:53:43 PM IST



Ear Blocked Problem: अक्सर आपने देखा होगा कि, नहाने या स्विमिंग के बाद कान बंद हो जाते हैं. कुछ देर के लिए कान में भारीपन महसूस होने लगता है. बता दें कि, यह एक आम स्थिति है, लेकिन कई बार यह असहजता और हल्की सुनने की परेशानी का कारण बन जाती है. हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, वैसे इसके पीछे मुख्य वजह पानी का कान के अंदर फंस जाना होता है. लेकिन, फिर भी परेशानी बढ़े तो अनदेखी नहीं करनी चाहिए. अब सवाल है कि आखिर, नहाने या स्विमिंग के बाद कान क्यों बंद हो जाते हैं? परेशानी से बचने के लिए क्या करें? इस बारे में बता रही हैं चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय दिल्ली की ENT surgeon डॉ. नेहा जैन- 

नहाने या स्विमिंग के बाद कान बंद हो जाने के कारण

कान में पानी फंस जाना: दरअसल, जब हम नहाते हैं या तैरते हैं, तो पानी कान की नलिका (ईयर कैनाल) में चला जाता है. कई बार यह पानी आसानी से बाहर निकल जाता है, लेकिन कुछ मामलों में यह अंदर ही फंसा रह जाता है, जिससे कान में भारीपन या बंद होने जैसा एहसास होता है. यही कारण है कि आवाजें भी थोड़ी धीमी या दबकर सुनाई देती हैं.

इयरवैक्स का फूलना: कान में प्राकृतिक रूप से वैक्स जमा होता है, ताकि कान के अंदर कीड़ा न जा सके. हालांकि नहाते हुए कई बार कान में पानी चला जाता है. आमतौर पर कान की वैक्स ड्राई होती है. अगर कान में पानी चला जाए, तो इयरवैक्स पानी सोखकर स्पंज की तरह फूल जाता है. वैक्स फूलने की वजह से कान की नली पूरी तरह ब्लॉक हो जाती है, जिससे अचानक कान बंद होने का एहसास होता है.

स्विमर्स इयर: अगर कान में फंसा हुआ पानी लंबे समय तक बाहर नहीं निकलता है, तो उस जगह में बैक्टीरिया और फंगस के पनपने का खतरा बढ़ जाता है. इसी स्थिति को स्विमर्स इयर कहा जाता है. इसका मतलब बाहरी कान में संक्रमण होना है. कान में इंफेक्शन होने की वजह से कान में खुजली, दर्द और रेडनेस छा जाती है. स्विमिंग करने के बाद ऐसा महसूस होता है, जैसे कान बंद हो गया है.

डॉक्टर से कब संपर्क करना चाहिए?

  • कान में तेज दर्द या खुजली होना.
  • कान से मवाद या पानी बहना.
  • बुखार होना.
  • कान में आवाजें कम सुनाई देना या आवाज गूंजना.
  • कान में भारीपन का एहसास होना जो कई दिनों से बना हुआ है.

Advertisement