Exercise Time in Summer: सेहतमंद रहने के लिए हेल्दी डाइट और रेगुलर एक्सरसाइज बेहद जरूरी है. यह आपको ऊर्जावान रखने, वजन नियंत्रित करने और गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे अचूक उपाय है. व्यायाम करने से वजन कंट्रोल होता है और फिटनेस बनती है. इसलिए हेल्थ एक्सपर्ट हर मौसम में एक्सरसाइज करने की सलाह देते हैं. हालांकि, गर्मियों में कुछ एहतियात बरते की जरूरत होती है. दरअसल, गर्मियों का बढ़ता तापमान शरीर पर गहरा असर डाल सकता है. खासकर तब, जब बात एक्सरसाइज और फिजिकल एक्टिविटी की हो.
गर्मियों में लोग फिटनेस के लिए वर्कआउट तो करना चाहते हैं, लेकिन सही समय और सही तरीका न अपनाने पर यह फायदे की जगह नुकसान भी पहुंचा सकता है. कई बार तेज धूप, ज्यादा पसीना और शरीर में पानी की कमी से हीटस्ट्रोक, चक्कर आना, कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं भी हो जाती हैं. ऐसे में सवाल है कि आखिर, गर्मियों में एक्सरसाइज करने का सही समय क्या है? गर्मियों किस समय न करें वर्कआउट? आइए जानते हैं इस बारे में-
गर्मियों में कब करना चाहिए एक्सरसाइज?
राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिलीप सिंह कहते हैं कि गर्मियों में एक्सरसाइज करने का सबसे अच्छा समय सुबह 5 बजे से 7 बजे के बीच होता है. इस समय वातावरण बाकी दिन के मुकाबले ठंडा होता है और हवा में नमी भी कम होती है, जिससे शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता. अगर मौसम थोड़ी नमी है तो समय थोड़ा बहुत बढ़ा भी सकते हैं.
सुबह 5 से 7 बजे के बीच क्यों करें एक्सरसाइज?
बता दें कि, सुबह 5 से 7 बजे के बीच की गई वॉक, योग या हल्की जॉगिंग शरीर को एनर्जी देती है और पूरे दिन एक्टिव रहने में मदद करती है. डॉ. के. शशि किरण के अनुसार, सुबह के समय शरीर का मेटाबॉलिज्म भी बेहतर तरीके से काम करता है, जिससे फैट बर्निंग और फिटनेस सुधार में मदद मिलती है. साथ ही इस समय डिहाइड्रेशन का खतरा भी कम होता है, बशर्ते व्यक्ति पर्याप्त पानी पीकर एक्सरसाइज करें.
इस समय एक्सरसाइज करने से बचें
गर्मियों में 11 बजे से 4 बजे के बीच का समय सबसे ज्यादा गर्म और खतरनाक माना जाता है. इस दौरान सूरज की किरणें तेज होती हैं और शरीर का तापमान तेजी से बढ़ सकता है. इस समय बाहर एक्सरसाइज करने से हीटस्ट्रोक, थकान, सिरदर्द और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. ऐसे में सलाह है कि अगर किसी कारण से इस समय एक्सरसाइज करनी ही पड़े तो इसे इनडोर जगह पर करें, जहां पंखा या कूलिंग सिस्टम हो. साथ ही हल्की एक्सरसाइज ही करें और बीच-बीच में पानी पीते रहें.
शाम का समय भी हो सकता विकल्प
गर्मियों में शाम 6 बजे के बाद का समय भी एक्सरसाइज के लिए सही माना जाता है. इस समय सूरज की गर्मी कम हो जाती है और वातावरण ठंडा होने लगता है. वॉकिंग, साइकलिंग और योग जैसी एक्टिविटीज इस समय की जा सकती हैं. हालांकि डॉक्टर कहते हैं कि शाम के समय भी बहुत ज्यादा भारी वर्कआउट से बचना चाहिए, क्योंकि दिनभर की थकान शरीर को कमजोर कर सकती है.