Raksha Bandhan Detox Tips: रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधते-बांधते अगर प्लेट में मिठाइयां भी लगातार बढ़ती चली गईं, तो चिंता मत कीजिए. एक के बाद एक रसगुल्ला, लड्डू, बर्फी और गुझिया का स्वाद भले ही त्योहार को और मीठा बना दे, लेकिन अगले दिन पेट का हाल कुछ अलग कहानी सुना सकता है. भारीपन, गैस, ब्लोटिंग, सुस्ती और बार-बार कुछ खाने का मन- ये सब ज्यादा मीठा और तला-भुना खाने के बाद महसूस हो सकता है. ऐसे में जरूरत किसी ‘कठोर डिटॉक्स’ की नहीं, बल्कि शरीर को कुछ समय के लिए संतुलित और हल्का खाना देने की है. अब सवाल है कि आखिर, ज्यादा मिठाई खाने के बाद बॉडी को रीसेट कैसे करें? इस बारे में बता रही हैं कैलाश दीपक हॉस्पिटल दिल्ली की सीनियर डाइटिशियन ऋचा शर्मा-
सबसे पहले डिटॉक्स के नाम पर भूखे न रहें
त्योहार के बाद कई लोग खाना छोड़कर या सिर्फ जूस पीकर ‘डिटॉक्स’ करने की कोशिश करते हैं. लेकिन लंबे समय तक भूखा रहना जरूरी नहीं है. शरीर का लिवर और किडनी स्वाभाविक रूप से शरीर से अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालने का काम करते हैं. इसलिए अगले दिन क्रैश डाइट के बजाय सामान्य और संतुलित भोजन पर लौटना बेहतर है.
पानी को बनाएं पहला साथी
ज्यादा मिठाई और नमकीन खाने के बाद पर्याप्त पानी पीना सबसे आसान कदम है. पानी शरीर में हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद करता है और पाचन के लिए भी जरूरी है. दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें. बहुत ज्यादा मीठे ड्रिंक, पैकेज्ड जूस और सॉफ्ट ड्रिंक से फिलहाल दूरी बनाना बेहतर रहेगा.
प्लेट में फाइबर बढ़ाएं
अगले एक-दो दिन खाने में सब्जियां, सलाद, फल, दाल और साबुत अनाज जैसी फाइबर वाली चीजें शामिल करें. फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखने और पाचन को सपोर्ट करने में मदद करता है. हालांकि, अगर पहले से गैस या ब्लोटिंग है तो अचानक बहुत ज्यादा फाइबर लेने के बजाय धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाएं.
हल्का खाना, लेकिन प्रोटीन के साथ
त्योहार के बाद सिर्फ सलाद या फल खाकर रहने की जरूरत नहीं है. मूंग दाल की खिचड़ी, दाल-सब्जी, दही, पनीर या अन्य हल्के प्रोटीन स्रोतों को भोजन में शामिल किया जा सकता है. इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और बार-बार भूख लगने की संभावना कम हो सकती है.
15-20 मिनट की वॉक करें
मिठाइयों के बाद सोफे पर पड़े रहने के बजाय हल्की वॉक को रुटीन में शामिल करें. भोजन के बाद आराम से टहलना पाचन और ब्लड शुगर मैनेजमेंट के लिए मददगार हो सकता है. हालांकि, बहुत भारी भोजन के तुरंत बाद तेज एक्सरसाइज करने से बचें.
नींद को न करें नजरअंदाज
त्योहार की भागदौड़ और देर रात तक जागने से शरीर और मूड दोनों थक सकते हैं. पर्याप्त नींद लेने से अगले दिन ताजगी महसूस करने में मदद मिलती है. इसलिए मिठाइयों के ‘ओवरलोड’ के बाद नींद की भी भरपाई करें.