Kriti Sanon Egg Freezing: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन 35 साल की उम्र में भी शादी से दूर हैं. मगर अच्छी बात यह है कि, उन्होंने मां बनने की प्लानिंग को लेकर समय रहते बड़ा फैसला ले लिया था. हाल ही में कृति ने खुलासा किया कि उन्होंने करीब पांच साल पहले ही अपने एग्स फ्रीज करवा लिए थे. हालांकि, इस प्रक्रिया के बाद उन्हें कुछ दिनों तक ब्लोटिंग (पेट फूलना) और अन्य शारीरिक परेशानियों का सामना भी करना पड़ा. कृति का यह खुलासा उन महिलाओं के लिए काफी अहम माना जा रहा है, जो फिलहाल करियर या निजी कारणों से मां बनने की योजना टाल रही हैं और भविष्य के लिए एग फ्रीजिंग पर विचार कर रही हैं. अब सवाल है कि आखिर, एग फ्रीजिंग कितना सही है? एग फ्रीजिंग के बाद पेट फूलना सामान्य है या नहीं? एग फ्रीजिंग के बाद क्या-क्या दिक्कतें होती हैं? इस बारे में बता रही हैं नोएडा की सीनियर मेडिकल ऑफिसर एवं गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. मीरा पाठक-
एग फ्रीजिंग कितना सही है?
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो, बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं की फर्टिलिटी धीरे-धीरे कम होने लगती है. ऐसे में यदि कोई महिला फिलहाल प्रेग्नेंसी नहीं चाहती, तो सही समय पर एग फ्रीजिंग एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यही वजह है कि आजकल कई सेलिब्रिटी और प्रोफेशनल महिलाएं 25 से 30 साल की उम्र के बीच ही यह प्रक्रिया अपनाने लगी हैं. हालांकि, इसके साथ कुछ अस्थायी साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं, जिनकी जानकारी पहले से होना जरूरी है.
10 से 12 दिन तक दिए जाते हार्मोनल इंजेक्शन
डॉ. पाठक बताती हैं कि एग फ्रीजिंग, जिसे मेडिकल भाषा में ओसाइट क्रायोप्रिजर्वेशन (Oocyte Cryopreservation) कहा जाता है, आज के समय में तेजी से लोकप्रिय हो रही प्रक्रिया है. उन्होंने बताया कि सामान्य रूप से हर महीने महिला की ओवरी में एक अंडा विकसित होता है. लेकिन एग फ्रीजिंग के दौरान 10 से 12 दिनों तक विशेष हार्मोनल इंजेक्शन दिए जाते हैं, ताकि एक साथ 10 से 15 परिपक्व अंडे तैयार हो सकें. बाद में इन्हें एक छोटी प्रक्रिया के जरिए निकालकर सुरक्षित तापमान पर फ्रीज कर दिया जाता है, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके.
क्यों होती हैं ये परेशानियां?
डॉ. मीरा पाठक कहती हैं, हार्मोनल इंजेक्शन की वजह से शरीर में एस्ट्रोजन और अन्य हार्मोन का स्तर अचानक बढ़ जाता है. इससे शरीर का प्राकृतिक हार्मोनल संतुलन कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकता है. यही कारण है कि कुछ महिलाओं को हल्के-फुल्के साइड इफेक्ट्स महसूस होते हैं.
एग फ्रीजिंग के बाद हो सकती हैं ये समस्याएं
बार-बार मूड बदलना (Mood Swings)
चिड़चिड़ापन या अचानक गुस्सा आना
उदासी या भावनात्मक बदलाव
सिरदर्द
स्तनों में भारीपन या दर्द
थकान महसूस होना
पेट फूलना (Bloating)
गैस और पेट में कड़ापन
ओवरी के आकार में अस्थायी वृद्धि
कुछ महिलाओं में अस्थायी रूप से वजन बढ़ना
क्या घबराने की जरूरत है?
डॉक्टरों के अनुसार, यदि एग फ्रीजिंग की प्रक्रिया किसी अनुभवी और प्रशिक्षित फर्टिलिटी विशेषज्ञ की निगरानी में कराई जाए, तो गंभीर जटिलताओं का खतरा काफी कम रहता है. इसलिए इस प्रक्रिया को अपनाने से पहले सही जानकारी लेना, विशेषज्ञ से सलाह करना और संभावित साइड इफेक्ट्स को समझना बेहद जरूरी है.