लोगों के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि महिला और पुरुष में कौन यौन संबंध बनाने के लिए ज्यादा पहल करता है. इसे लेकर एक शोध में बड़ा दावा किया गया है. शोध में दावा किया गया है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों में यौन संबंध बनाने के लिए पहल करने की प्रवृत्ति तीन गुना अधिक होती है. लंबे समय तक चलने वाले रिश्तों में यौन संबंधों की आवृत्ति किन कारकों से प्रभावित होती है, इसका अध्ययन करने के लिए यह शोध किया गया.
‘इवोल्यूशनरी बिहेवियरल साइंसेज’ जर्नल में प्रकाशित इस शोध के मुताबिक, लंबे समय तक किसी रिश्ते में शारीरिक संबंधों की निरंतरता कई कारकों पर निर्भर करती है. इनमें रिश्ते को लेकर संतुष्टि, साथी के साथ भावनात्मक जुड़ाव, आपसी प्यार और विश्वास शामिल हैं.
नॉर्वे की नॉर्वेजियन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (NTNU) के शोधकर्ता ट्रोंड विगो ग्रोंटवे के अनुसार, रिश्ते में जुनून और आपसी आकर्षण की अहम भूमिका होती है. शोध में जुनून को यौन संबंधों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारकों में से एक बताया गया है.
92 जोड़ों पर किया गया अध्ययन
इस अध्ययन में 19 से 30 वर्ष की उम्र के 92 जोड़ों को शामिल किया गया. ये जोड़े एक महीने से लेकर नौ साल तक साथ रह चुके थे. अध्ययन के मुताबिक, प्रतिभागियों ने औसतन सप्ताह में दो से तीन बार शारीरिक संबंध बनाने की जानकारी दी.
शोध में यह भी सामने आया कि रिश्ते की अवधि बढ़ने के साथ जोड़ों के बीच शारीरिक संबंध बनाने की आवृत्ति में कमी देखी गई. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर रिश्ते में समय के साथ यौन संबंधों की संख्या कम होना तय है.
दूसरे लोगों के प्रति आकर्षण का भी पड़ता है असर
NTNU के एसोसिएट प्रोफेसर मोंस बेंडिक्सन के मुताबिक, साथी के अलावा दूसरे लोगों के प्रति यौन आकर्षण भी रिश्ते में जुनून को प्रभावित कर सकता है. अध्ययन में संकेत मिला कि जब किसी व्यक्ति की अपने साथी की तुलना में दूसरे लोगों के साथ यौन संबंध बनाने की इच्छा अधिक होती है, तो मौजूदा रिश्ते में जुनून कम हो सकता है.
कुल मिलाकर, शोध इस बात की ओर इशारा करता है कि लंबे समय तक रिश्ते में यौन संतुष्टि बनाए रखने के लिए आपसी आकर्षण, भावनात्मक जुड़ाव और रिश्ते के प्रति संतुष्टि महत्वपूर्ण हो सकते हैं.