Eggs Consumption Per Day: शरीर को सेहतमंद रखने के लिए कई पोषक तत्वों की जरूरत होती है. इनमें प्रोटीन सबसे ज्यादा जरूरी होता है. प्रोटीन ही हमारे शरीर में टूटी-फूटी कोशिकाओं की मरम्मत करता है और एनर्जी देता है. हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो, हमारे शरीर को रोजाना करीब 50 से 60 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. इसकी भरपाई के लिए लोग तमाम चीजों का सेवन करते हैं. लेकिन, अंडे का सेवन करना बिलकुल नहीं भूलते हैं. क्योंकि, एक अंडे में करीब 5 से 6 ग्राम तक प्रोटीन आराम से मिल जाता है. हालांकि, यह पूरे दिन की प्रोटीन मात्रा से बहुत कम है. ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि, क्यों न एक दिन कई अंडों का सेवन कर लिया जाए. अगर आप भी ऐसा ही सोचते हैं तो यकीन मानिए आप गलत हैं. क्योंकि, डॉक्टर एक दिन में 2 अंडे से ज्यादा खाने की सलाह नहीं देते हैं. अब सवाल है कि आखिर, एक दिन में 2 अंडे से ज्यादा क्यों नहीं खाना चाहिए? एक दिन में 2 से ज्यादा अंडे खाएंगे तो क्या होगा? इस बारे में बता रही हैं कैलाश दीपक हॉस्पिटल दिल्ली की सीनियर डाइटिशियन एवं विभागाध्यक्ष ऋचा शर्मा-
एक दिन में 2 अंडे से ज्यादा क्यों नहीं खाना चाहिए?
अंडे की जर्दी (पीला हिस्सा) में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा काफी अधिक होती है. ज्यादा मात्रा में अंडे खाने से शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ सकता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ता है. खासकर जिन लोगों को पहले से हाई कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर या दिल से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें अंडों का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए. इसके अलावा, बहुत ज्यादा अंडे खाने से पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं. कुछ लोगों को गैस, अपच या पेट में भारीपन महसूस हो सकता है. वहीं, जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेने से किडनी पर भी दबाव पड़ सकता है, खासकर उन लोगों में जिनकी किडनी पहले से कमजोर है.
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का कितना खतरा
डाइटिशियन ऋचा शर्मा कहती है कि, एक अंडे में करीब 200 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल होता है. इस हिसाब से 2 अंडे में 400 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल होगा. लेकिन एक दिन में एक इंसान को 300 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल की ही जरूरत होगी. इससे ज्यादा कोलेस्ट्रॉल शरीर में जाएगा तो यह बैड कोलेस्ट्रॉल में बदलने लगेगा. हालांकि इसके बाद की कुछ रिसर्च में यह भी दावा किया गया है कि अंडे में डायट्री कोलेस्ट्रॉल होता है जो शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल या कसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाता. इसके बावजूद अगर हम ज्यादा अंडे खाएंगे तो कोलेस्ट्रॉल कुछ न कुछ तो जरूर बढ़ेगा.
किडनी-हार्ट पर क्या होगा असर
एक्सपर्ट कहती हैं कि, हमें एक दिन में 50 से 60 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. लेकिन हर चीज को खाने की एक लिमिट होती है. अगर दिन में 10 अंडे खा लिए तो इससे 50 से 60 ग्राम प्रोटीन हमें मिलेगा. लेकिन इसके बाद जो हम खाएंगे उससे भी तो प्रोटीन बनेगा. आखिरकार ये ज्यादा प्रोटीन कहां जाएगा. अगर आपके शरीर में ज्यादा प्रोटीन हो जाए तो इसके अपने अलग नुकसान है. अतिरिक्त प्रोटीन से खून में फैट की मात्रा बढ़ेगी जो हार्ट डिजीज का कारण बन सकता है. अतिरिक्त प्रोटीन किडनी पर भी अतिरिक्त दबाव डालेगा. यही कारण है कि प्रोटीन को भी जरूरत से ज्यादा नहीं लेने की सलाह दी जाती है.
अधिक प्रोटीन से हड्डियों को क्या नुकसान
अगर हम ज्यादा अंडे खा लेंगे तो उससे प्रोटीन निकालने के लिए हमारे पास उस मात्रा में एंजाइम नहीं बनता है. इससे जब यह शरीर से बाहर जाएगा तो किडनी पर ज्यादा लोड बढ़ेगा. इस कारण वह ठीक से शरीर से टॉक्सिन नहीं निकाल पाएगा. किडनी के अलावा यह लिवर पर भी लोड बढ़ाएगा. एक रिसर्च के मुताबिक ज्यादा प्रोटीन का सेवन करने से बाद में ऑस्टियोपोरोसिस क बीमारी हो सकती है और इससे हड्डियां भी कमजोर हो सकती है.