Home > हेल्थ > देसी घी या रिफाइंड ऑयल… हार्ट हेल्थ के लिए बेहतर क्या है? डॉक्टरों ने कुकिंग ऑयल को लेकर दूर किया भ्रम

देसी घी या रिफाइंड ऑयल… हार्ट हेल्थ के लिए बेहतर क्या है? डॉक्टरों ने कुकिंग ऑयल को लेकर दूर किया भ्रम

Heart Health Tips: आजकल आमतौर पर लोग भोजन को या तो रिफाइंड से बनाते हैं, सरसों तेल से या फिर देसी घी से. अब सवाल होता है कि क्या, देसी घी खाना चाहिए या रिफाइंड ऑयल? यह सवाल आज भी लाखों लोगों के मन में है. आइए जानते हैं पूरी सच्चाई-

By: Lalit Kumar | Published: July 20, 2026 5:55:27 PM IST



Heart Health Tips: आजकल की अनहेल्दी लाइफस्टाइल तमाम गंभीर बीमारियों की वजह बन रही है. इससे निजात पाने का एक ही फॉर्मूला है ‘हेल्दी डाइट’. हेल्थ एक्सपर्ट कहते हैं कि, हेल्दी डाइट के साथ-साथ यह भी जानना जरूरी होता है कि वह चीज बन कैसे रही है. आजकल आमतौर पर लोग भोजन को या तो रिफाइंड से बनाते हैं, सरसों तेल से या फिर देसी घी से. अब सवाल होता है कि क्या, देसी घी खाना चाहिए या रिफाइंड ऑयल? यह सवाल आज भी लाखों लोगों के मन में है. कोई घी को पूरी तरह से हेल्दी बताता है, तो कोई इसे दिल का दुश्मन मानता है. 

वहीं दूसरी ओर, रिफाइंड ऑयल को लेकर भी तरह-तरह की राय सामने आती रहती है. ऐसे में आम लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि आखिर रोजमर्रा की रसोई में किसका इस्तेमाल करना ज्यादा फायदेमंद है. हेल्थ एक्सपर्ट कहते हैं कि, सिर्फ घी या तेल को अच्छा या बुरा मान लेना सही नहीं है. असली फर्क इस बात से पड़ता है कि आप किस मात्रा में, किस तरह का तेल या घी और किस तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

डॉक्टरों के अनुसार, दिल की सेहत के लिए किसी एक तेल या घी को ‘सबसे अच्छा’ या ‘सबसे खराब’ कहना सही नहीं है. दरअसल, हर प्रकार के फैट की अपनी भूमिका होती है. इसमें सबसे महत्वपूर्ण बात है कि सैचुरेटेड, मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसैचुरेटेड फैट के बीच संतुलन बनाए रखा जाए और कुल वसा का सेवन सीमित मात्रा में किया जाए.

क्या देसी घी के नुकसान भी होते हैं?

हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो, सीमित मात्रा में शुद्ध देसी घी का सेवन अधिकांश लोगों के लिए हेल्दी हो सकता है. लेकिन, घी का अधिक सेवन सेहत को बिगाड़ सकता है. दरअसल, घी में सैचुरेटेड फैट अधिक होता है, इसलिए इसका अत्यधिक सेवन एलडीएल (खराब) कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से हृदय रोग, हाई कोलेस्ट्रॉल या डायबिटीज की समस्या है.

किन बातों का ध्यान रखें?

  • भोजन में तले हुए खाद्य पदार्थ कम करें.
  • ट्रांस फैट और बार-बार गर्म किए गए तेल से बचें.
  • फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालों का सेवन बढ़ाएं.
  • नियमित व्यायाम करें और वजन नियंत्रित रखें.
  • धूम्रपान और अत्यधिक शराब से दूरी बनाए रखें.
  • ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराएं.

कितना तेल या घी लेना उचित?

हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, रोजाना कुल वसा का सेवन व्यक्ति की उम्र, वजन, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है. इसलिए यदि किसी को हृदय रोग, हाई कोलेस्ट्रॉल या अन्य गंभीर बीमारी है, तो अपने डॉक्टर या पंजीकृत डाइटीशियन से व्यक्तिगत सलाह लेना बेहतर होता है. कुल मिलाकर, दिल को स्वस्थ रखने का राज किसी एक ‘मैजिक’ तेल या घी में नहीं, बल्कि संतुलित आहार, सही मात्रा, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली में छिपा है. 

Advertisement