Chicken vs Mutton vs Fish: नॉनवेज खाने के शौकीनों के लिए चिकन, मटन और मछली सिर्फ स्वाद का जरिया नहीं, बल्कि प्रोटीन और कई पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत भी हो सकते हैं. शरीर को फिट और मजबूत रखने के लिए लोग इनका सेवन करते हैं, लेकिन अक्सर लोगों का एक सवाल रहता है कि, चिकन, मटन या मछली… आखिर इनमें से सेहत के लिए सबसे अच्छा विकल्प कौन-सा है? क्योंकि, तीनों ही खाद्य पदार्थ प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं, लेकिन इनमें मौजूद फैट, कैलोरी, विटामिन और मिनरल्स की मात्रा अलग-अलग होती है. अब सवाल है कि आखिर, किसमें ज्यादा प्रोटीन, कम फैट और शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं? आइए जानते हैं इस बारे में-
चिकन: हाई प्रोटीन और कम फैट
चिकन, खासकर स्किनलेस चिकन ब्रेस्ट, फिटनेस पसंद करने वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है. इसमें अच्छी मात्रा में प्रोटीन मिलता है और त्वचा हटाकर पकाने पर फैट भी अपेक्षाकृत कम रहता है. यही वजह है कि वजन नियंत्रित करने या मसल्स बढ़ाने वाली डाइट में इसे शामिल किया जाता है. हालांकि, चिकन के हर हिस्से का पोषण समान नहीं होता है. चिकन की स्किन और कुछ अन्य हिस्सों में फैट अधिक हो सकता है. इसलिए हेल्दी विकल्प के तौर पर इसे कम तेल में ग्रिल, रोस्ट या उबालकर खाना बेहतर माना जाता है.
मछली: प्रोटीन के साथ ओमेगा-3 का फायदा
अगर बात प्रोटीन के साथ अतिरिक्त पोषण की हो, तो मछली कई लोगों के लिए शानदार विकल्प हो सकती है. सैल्मन, सार्डिन और मैकेरल जैसी फैटी फिश में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं. ये शरीर के लिए जरूरी फैट हैं और संतुलित डाइट का हिस्सा हो सकते हैं. वहीं, रोहू, कतला जैसी कई भारतीय मछलियां भी प्रोटीन का अच्छा स्रोत हैं. मछली चुनते समय उसे डीप फ्राई करने के बजाय ग्रिल, बेक या हल्के मसालों के साथ पकाना बेहतर विकल्प है.
मटन: प्रोटीन के साथ आयरन और विटामिन B12
मटन भी प्रोटीन, आयरन और विटामिन B12 जैसे पोषक तत्व प्रदान करता है. खासकर आयरन और B12 शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और सामान्य ऊर्जा चयापचय के लिए महत्वपूर्ण हैं. लेकिन मटन के कट और पकाने के तरीके पर ध्यान देना जरूरी है. कुछ हिस्सों में सैचुरेटेड फैट अधिक हो सकता है. इसलिए इसे सीमित मात्रा में और कम तेल के साथ खाना बेहतर है.
…तो आखिर किसे चुनें?
अगर आपका लक्ष्य कम फैट के साथ ज्यादा प्रोटीन लेना है, तो स्किनलेस चिकन एक अच्छा विकल्प हो सकता है. अगर आप प्रोटीन के साथ ओमेगा-3 फैटी एसिड चाहते हैं, तो मछली को प्राथमिकता दी जा सकती है. वहीं मटन से प्रोटीन के साथ आयरन और B12 जैसे पोषक तत्व मिलते हैं, लेकिन फैट और कैलोरी को ध्यान में रखना जरूरी है.