Cervical Cancer Myths vs Facts: सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले गंभीर कैंसर में से एक है, लेकिन सही समय पर जांच, एचपीवी वैक्सीनेशन और इलाज से इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. इसके बावजूद भारत में आज भी कई महिलाएं इस बीमारी को लेकर खुलकर बात नहीं करतीं हैं. किसी को लगता है कि, यह बीमारी केवल अधिक उम्र में होती है, तो कोई एचपीवी वैक्सीन को लेकर भ्रम में रहता है. कुछ महिलाएं यह भी मानती हैं कि मेनोपॉज के बाद उन्हें सर्वाइकल कैंसर का खतरा नहीं रहता. लेकिन क्या ये बातें सच हैं?
इसी सिलसिले में हमने शारदा हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा की सीनियर कंसल्टेंट एवं यूनिट हेड लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. शहला जमाल से बात की. आइए जानते हैं सर्वाइकल कैंसर कैसे होता है? एचपीवी वैक्सीन किस उम्र में लगवानी चाहिए? इसके शुरुआती लक्षण क्या हैं और किन भ्रमों से बचना जरूरी है?
क्या है सर्वाइकल कैंसर और कैसे होता है?
डॉ. शहला जमाल के मुताबिक, सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से यानी गर्भाशय ग्रीवा में विकसित होता है. इसे आम भाषा में बच्चेदानी के मुंह का कैंसर भी कहा जाता है. इस कैंसर का प्रमुख कारण हाई-रिस्क ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) का लगातार बना रहने वाला संक्रमण है. एचपीवी के कई प्रकार होते हैं, लेकिन कुछ प्रकार कैंसर का कारण बन सकते हैं. यह वायरस मुख्य रूप से यौन संपर्क से फैलता है. हालांकि, एचपीवी संक्रमण होने का मतलब यह नहीं है कि महिला को कैंसर हो ही जाएगा.
HPV वैक्सीन को लेकर क्या है सच्चाई?
डॉ. जमाल के अनुसार, एचपीवी वैक्सीन लड़कियों को 9 से 14 वर्ष की उम्र में लगवाना फायदेमंद है. इस उम्र में टीकाकरण से भविष्य में कैंसर पैदा करने वाले एचपीवी संक्रमणों से बेहतर सुरक्षा मिल सकती है. 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र में भी वैक्सीन लगवाई जा सकती है, लेकिन डोज की संख्या वैक्सीन और उम्र के अनुसार तय होती है. पुरुष भी एचपीवी वैक्सीन लगवा सकते हैं, क्योंकि एचपीवी संक्रमण कुछ अन्य कैंसर का कारण भी बन सकता है.
सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण क्या हैं?
- संबंध बनाने के बाद रक्तस्राव होना.
- पीरियड्स के बीच या मेनोपॉज के बाद ब्लीडिंग होना.
- असामान्य या बदबूदार योनि स्राव.
- पेल्विक हिस्से में दर्द या संबंध के दौरान दर्द.
सर्वाइकल कैंसर से बचाव कैसे करें?
डॉक्टर कहती हैं कि, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन, नियमित स्क्रीनिंग और समय पर इलाज अहम हैं. पैप स्मीयर टेस्ट और एचपीवी टेस्ट से कैंसर से पहले होने वाले बदलावों का पता लगाया जा सकता है. जांच किस उम्र में और कितने अंतराल पर करानी है, यह महिला की उम्र, पिछली रिपोर्ट और स्थानीय दिशा-निर्देशों पर निर्भर करता है.